Mainpuri News: थाना एलाऊ क्षेत्र में सरकारी कार्य के दौरान राजस्व विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. कानूनगो और लेखपाल ने दो लोगों पर मारपीट, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ तथा कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए थाना एलाऊ में तहरीर दी है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
राजस्व विभाग के कानूनगो राजेश सक्सेना और लेखपाल कर्मवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी के निर्देश पर वे राजस्व टीम के साथ सरकारी कार्य से एलाऊ चौराहे पर पहुंचे थे. आरोप है कि शाम करीब 5:20 बजे सौरभ पुत्र अखिलेश कुमार और उसके एक अन्य साथी ने उनके साथ मारपीट की.
तहरीर के अनुसार आरोपितों ने राजस्व टीम के सरकारी वाहन (नंबर 25BH3565D) के शीशे और मेटल बॉडी को क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का भी प्रयास किया. राजस्व टीम के सदस्यों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई. घटना के बाद तहसीलदार भोगांव सहित बड़ी संख्या में लेखपाल थाना एलाऊ पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी ने बताया कि राजस्व विभाग की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











