लखनऊ में एक हेड कांस्टेबल ने अपनी पत्नी की रॉड से पीटकर की हत्या, फिर मासूम बच्चे को लेकर जो किया सब रह गए हैरान

यूपी तक

• 08:07 PM • 07 Sep 2026

Lucknow Crime News: खनऊ में घरेलू विवाद के बाद यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल ने पत्नी की लोहे की रॉड से हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी करीब तीन घंटे तक एक साल के बच्चे को गोद में लेकर घूमता रहा.

Google CTA

Lucknow Crime News: लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र स्थित पेपर मिल इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां घरेलू विवाद के चलते यूपी पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने अपनी ही पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस घटना का सबसे खौफनाक पहलू यह है कि पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पति अपने एक साल के मासूम बच्चे को गोद में लेकर करीब तीन घंटे तक सड़कों पर घूमता रहा. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

यह भी देखें...

विवाद के बाद रॉड से हमला

आरोपी हिमांशु श्रीवास्तव यूपी पुलिस में 2011 बैच का हेड कांस्टेबल है और फिलहाल डालीगंज स्थित सूचना अधिकार प्रकोष्ठ में तैनात है. वह पिछले ढाई साल से अपनी पत्नी रश्मि और एक साल के बच्चे के साथ पेपर मिल इलाके में किराए के मकान में रह रहा था. रविवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि हिमांशु ने गुस्से में लोहे की रॉड उठाई और रश्मि के सिर पर जोरदार हमला कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने की वजह से रश्मि की मौके पर ही मौत हो गई.

हत्या के बाद बच्चे संग घूमा

पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति का बर्ताव और भी ज्यादा हैरान करने वाला था. घटना को अंजाम देने के बाद हिमांशु काफी देर तक अपने मकान मालिक के पास बैठा रहा. इसके बाद उसने अपने एक साल के मासूम बच्चे को गोद में उठाया और घर से बाहर निकल गया. अंदर फर्श पर पत्नी की लाश पड़ी थी और बाहर आरोपी पिता करीब तीन घंटे तक बच्चे को लेकर घूमता रहा. तीन घंटे बाद जब वह वापस लौटा, तो कमरे में रश्मि के शव के पास ही चुपचाप बैठ गया.

मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप

जब रश्मि ने परिवार वालों के फोन का जवाब नहीं दिया, तो उसका भाई सौरभ श्रीवास्तव घर पहुंचा. वहां किचन के पास बहन का खून से लथपथ शव देखकर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सौरभ ने आरोप लगाया है कि हिमांशु शादी के बाद से ही उसकी बहन को प्रताड़ित कर रहा था और पुलिस विभाग में होने की वजह से वह बार-बार बच निकलता था. पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.