लखनऊ में 7.93 लाख फॉलोअर्स वाले इन्फ्लुएंसर सागर राजपूत की पत्नी मानसी का शव फंदे पर लटका मिला, परिवार ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का लगाया आरोप 

अंकित मिश्रा

31 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Lucknow News: लखनऊ के सआदतगंज इलाके में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सागर राजपूत की पत्नी मानसी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है.

Lucknow Social Media Influencer Wife Death Case

Lucknow Social Media Influencer Wife Death Case

Google CTA

Lucknow Social Media Influencer Wife Death Case: लखनऊ के सआदतगंज इलाके में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सागर राजपूत की पत्नी मानसी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है. 7.93 लाख फॉलोअर्स वाले इन्फ्लुएंसर के घर से नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला. घटना के बाद मृतका के परिवार ने दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

यह भी पढ़ें...

शादी के बाद से ही शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मृतका मानसी की शादी 9 दिसंबर 2024 को कानपुर निवासी सुनील कुमार वर्मा की भतीजी के रूप में लखनऊ के सआदतगंज निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सागर राजपूत से हुई थी. सागर राजपूत सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है और इंस्टाग्राम पर उसके लगभग 7.93 लाख फॉलोअर्स हैं. परिजनों का कहना है कि शादी में अपनी हैसियत के अनुसार करीब 7 लाख रुपये नकद, तिलक और घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था.

दहेज में कार की लगातार मांग का आरोप

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही मानसी को लगातार दहेज को लेकर ताने दिए जा रहे थे. आरोप है कि पति सागर, ससुर राजेश, ननदोई अनु, ननद बरखा और चांदनी तथा बुआ सास आशा मिलकर अतिरिक्त दहेज में कार की मांग कर रहे थे. मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. परिवार का कहना है कि यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था.

फोन पर बताई गई प्रताड़ना

परिजनों के अनुसार, मानसी ने कई बार फोन कर अपने परिवार को ससुराल में हो रही प्रताड़ना के बारे में जानकारी दी थी. इस पर कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश भी की गई, और मायके वाले लखनऊ भी पहुंचे, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ. आरोप है कि प्रताड़ना लगातार जारी रही और तनाव बढ़ता गया.

पुलिस जांच में जुटी

शनिवार को परिजनों को सूचना मिली कि मानसी ने फांसी लगा ली है. हालांकि, मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने पहले उसकी हत्या की और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया. सआदतगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.