Kanpur Police brutality: आम जनता की रक्षा करने वाले कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मियों ने मिलकर वायुसेना के जवान के साथ जमकर माारपीट की है. आरोप है कि वर्दी के नशे में चूर पुलिसकर्मियों ने जवान को इतना पीटा कि उसके कान का पर्दा फट गया. लेकिन इस घटना के पीछे की वजह क्या थी ये जानकर आप भी चौंक जाएंगे. पीड़ित जवान पिछले तीन दिनों से एयरफोर्स अस्पताल में जिंदगी और दर्द की जंग लड़ रहा है. इस मामले की शिकायत मिलते ही निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी एडीसीपी योगेश कुमार को सौंपी गई है.
ADVERTISEMENT
बीच सड़क पर पुलिसवालों ने मिलकर वायुसेना के जवान को पीट दिया
वारदात 19 फरवरी की रात की है. घाटमपुर के देवमनपुर गांव के रहने वाले जवान नितीश सचान भारतीय वायुसेना में तैनात हैं. नितीश सचान नौरंगा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे. रात करीब 11.30 बजे जब वह गेस्ट हाउस से पैदल घर लौट रहे थे तभी मूसानगर रोड पर पुलिस की गश्ती टीम ने उसे रोक लिया. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जवान के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी. जब जवान ने इस जुल्म का वीडियो बनाने की कोशिश की तो एक दरोगा का पारा चढ़ गया. पुलिस ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसे अपराधी की तरह घसीटते हुए वाहन में डालकर थाने ले गए.
थाने की हवालात में किया गया टॉर्चर
पीड़ित परिवार का दावा है कि थाने ले जाने के बाद पुलिस ने जवान को हवालात में बंद कर उस पर ताबड़तोड़ प्रहार किए गए. इस खौफनाक पिटाई के दौरान जवान के बाएं कान पर इतना जोर का वार किया गया कि उसका पर्दा फट गया. जब जवान की हालत बिगड़ने लगी और वह दर्द से कराहने लगा तो आनन-फानन में पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई. लेकिन हद तो तब हो गई जब डॉक्टरों द्वारा रेफर किए जाने के बावजूद पुलिस ने उसे अस्पताल भेजने के बजाय शांति भंग की मामूली धारा में चालान कर पल्ला झाड़ लिया.
जवान की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे तुरंत कानपुर स्थित सेवन एयरफोर्स हॉस्पिटल ले गए जहां मेडिकल जांच में कान का पर्दा फटने की पुष्टि हुई. फिलहाल जवान अस्पताल में भर्ती है. इस सनसनीखेज मामले में पीड़ित की मां ने डीसीपी साउथ कार्यालय पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 'पीड़ित की मां की शिकायत प्राप्त हुई है. यह एक गंभीर मामला है. पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी एडीसीपी योगेश कुमार को सौंपी गई है. जांच रिपोर्ट में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.'
ये भी पढ़ें: शादी के बाद ससुराल नहीं पति के साथ आंगनबाड़ी का इंटरव्यू देने पहुंच गई नई नवेली दुल्हन अनीशा, हर कोई रह गया हैरान
ADVERTISEMENT









