UP News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में 22 साल के युवक सावेज की संदिग्ध मौत का मामला फिर चर्चा में आ गया है. युवक की मौत के करीब दो महीने बाद प्रशासन ने जिलाधिकारी के आदेश पर उसकी कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के परिजनों ने युवक की मां और मौसा पर हत्या कर बिना पोस्टमार्टम शव को दफनाने का आरोप लगाया है. बता दें यह मामला हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के अकबरपुर तिगरी गांव का है. यहां का रहने वाला सावेज अपनी मां रूबी और छोटे भाई ओवैस के साथ दिल्ली के कसकपुरा इलाके में रहता था. वह दिल्ली के पहाड़गंज में एक जनरल स्टोर की दुकान चलाता था. परिवार के मुताबिक घर पर उसके मौसा का भी लगातार आना-जाना था.
ADVERTISEMENT
22 मार्च को हुई थी संदिग्ध मौत
परिजनों के अनुसार 22 मार्च की रात सावेज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. उस समय घर में उसकी मां और मौसा भी मौजूद थे. आरोप है कि मौत के बाद बिना सही जानकारी दिए शव को दिल्ली से बिजनौर लाया गया और गांव में चुपचाप दफना दिया गया. मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि जब उन्होंने मौत का कारण पूछा तो मां और मौसा कोई साफ जवाब नहीं दे सके. परिवार का आरोप है कि जानबूझकर पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और जल्दबाजी में शव दफना दिया गया. इसी वजह से उन्हें हत्या की आशंका हुई.
चाचा ने डीएम से की थी शिकायत
मृतक के चाचा इमरान और अन्य परिजनों ने इस मामले में जिलाधिकारी जसजीत कौर से शिकायत की थी. 13 अप्रैल को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि सावेज की मां और मौसा ने साजिश के तहत उसकी हत्या की और फिर बिना पोस्टमार्टम शव को दफना दिया. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी. शिकायत के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार को प्रशासन और पुलिस की टीम गांव पहुंची.
दो महीने बाद कब्र से निकाला गया शव
नायब तहसीलदार ओंकार सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने सावेज की कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया. इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शव निकालने के दौरान दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और कहासुनी भी हुई, लेकिन पुलिस ने स्थिति संभाल ली. मृतक के चाचा इमरान का कहना है कि अगर मौत सामान्य होती तो पोस्टमार्टम कराने से परहेज नहीं किया जाता.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
चांदपुर के सीओ देश दीपक ने बताया कि मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









