आगरा में अखिलेश यादव के महादलित सम्मेलन में जुटे सपा कार्यकर्ता, मोहित नागर ने 300+ सीटें जीतने का किया दावा

अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले आगरा में महादलित सम्मेलन के जरिए PDA फॉर्मूले को मजबूत करने की कोशिश की है. रैली में नोएडा और पश्चिमी यूपी से बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता पहुंचे हैं.

Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं. चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव अपने पीडीए (PDA - पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को मजबूत करने में जुट गए हैं. इसी कड़ी में सपा ने 'दलितों की राजधानी' कहे जाने वाले आगरा में एक 'महादलित सम्मेलन' का आयोजन किया है, जिसमें अखिलेश यादव भी पहुंचे. इस रैली को सफल बनाने के लिए नोएडा और पश्चिमी यूपी के अन्य हिस्सों से सपा के युवा नेता और कार्यकर्ता गाड़ियों के काफिले के साथ आगरा पहुंचे. सपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी 300 से ज्यादा सीटें जीतकर उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी.

यह भी देखें...

नोएडा से आगरा पहुंचा युवाओं का काफिला

नोएडा से आगरा जा रहे सपा के छात्र सभा जिलाध्यक्ष मोहित नागर ने बताया कि अखिलेश यादव की रैली उनके लिए एक आदेश की तरह है. मोहित ने कहा कि इस पीडीए महासम्मेलन में दलितों और पिछड़ों की बात होगी और आगरा की धरती से पूरे प्रदेश को लोकतंत्र और संविधान बचाने का बड़ा संदेश दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि उनकी टीम के युवा कार्यकर्ता एक दिन पहले से ही रैली की तैयारियों में जुट गए थे और सुबह जल्दी उठकर गाड़ियों के बड़े काफिले के साथ आगरा पहुंचे हैं. मोहित ने कहा कि वे सभी दलित और पिछड़े वर्ग से आते हैं और अपने नेता का समर्थन करने के लिए सबसे आगे रहेंगे.

'ओवैसी-आजाद का गठबंधन बीजेपी का मोर्चा'

हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद द्वारा बनाए गए तीसरे मोर्चे (सामाजिक परिवर्तन मोर्चा) पर सपा नेता मोहित नागर ने करारा प्रहार किया. उन्होंने इस गठबंधन को खारिज करते हुए कहा कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं है, बल्कि यह बीजेपी का ही एक दूसरा मोर्चा है, जिसे समाजवादी पार्टी को कमजोर करने के लिए लाया गया है. मोहित ने आरोप लगाया कि इनका मकसद सिर्फ दलितों और पिछड़ों के वोट काटना और बीजेपी को फायदा पहुंचाना है. उन्होंने सवाल उठाया कि जिनके पास खुद का चुनाव लड़ने का पैसा नहीं है, वे पूरे प्रदेश और अन्य राज्यों में चुनाव कैसे लड़ रहे हैं?

2027 में 300 पार सीटों का दावा

चुनाव आयोग और बीजेपी पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए मोहित नागर ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में कई जगहों पर सपा के वोट काटे गए. उन्होंने दावा किया कि आगरा, अलीगढ़, मेरठ और अमरोहा जैसी कई लोकसभा सीटें सपा सिर्फ प्रशासन की धांधली की वजह से हारी थी. लेकिन अब सपा ने पूरी तैयारी कर ली है और इस बार किसी भी कीमत पर वे अपने जनमत (वोट) को चोरी नहीं होने देंगे. मोहित ने पूरे विश्वास के साथ दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में 300 से ज्यादा सीटें जीतकर अपनी पक्की सरकार बनाएगी.

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद PMLA कोर्ट ने सुनाया फैसला, डासना जेल भेजे गए आजम खान, 26 नवंबर को अगली सुनवाई