Railway ALP Recruitment 2026: भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. रेल मंत्रालय ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के पदों पर नई भर्ती को मंजूरी दे दी है. इसके तहत रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा. आवेदन लिंक एक्टिव होते ही योग्य और इच्छुक उम्मीदवार तय डेट के अंदर अपना फॉर्म भर सकेंगे. लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह सुनहरा मौका माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT
इतने पदों पर होगी भर्ती, जोन वाइज जारी हुई जानकारी
इस भर्ती अभियान के तहत देशभर के विभिन्न रेलवे जोनों में कुल 11127 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. रेलवे बोर्ड ने जोन के अनुसार रिक्तियों का ब्योरा भी साझा कर दिया है. बता दें कि सबसे ज्यादा पद ईस्ट कोस्ट रेलवे और साउथ ईस्टर्न रेलवे में भरे जाएंगे. वहीं सेंट्रल रेलवे, नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे, नॉर्दर्न रेलवे, साउथ सेंट्रल रेलवे और नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे में भी बड़ी संख्या में भर्तियां की जाएंगी.
इसके अलावा ईस्ट सेंट्रल रेलवे, ईस्टर्न रेलवे, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे, नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे, साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे, साउदर्न रेलवे, साउथ वेस्टर्न रेलवे, वेस्ट सेंट्रल रेलवे, वेस्टर्न रेलवे और चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स में भी विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी. रेलवे की इस जोन वाइज योजना से देशभर के अलग-अलग राज्यों के युवाओं को अवसर मिलेगा.
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
असिस्टेंट लोको पायलट पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. इसके साथ ही उम्मीदवार के पास संबंधित ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट होना चाहिए. जिन उम्मीदवारों ने 10वीं के बाद इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है, वे भी आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा इंजीनियरिंग डिग्री धारक अभ्यर्थी भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के पात्र होंगे.
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम 30 साल तय की गई है. आरक्षित वर्गों को नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी. ओबीसी वर्ग को 3 साल और एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 साल की छूट दी जाएगी. अन्य पात्र श्रेणियों और भूतपूर्व सैनिकों को भी सरकारी नियमों के अनुसार आयु में राहत मिलेगी.
कितना लगेगा आवेदन शुल्क
इस भर्ती के लिए आवेदन करते समय सामान्य और अन्य अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा. वहीं एससी, एसटी, एक्स-सर्विसमैन, ट्रांसजेंडर और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (EBC) के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है.
कैसे किया जाएगा सिलेक्शन?
असिस्टेंट लोको पायलट पदों पर चयन कई चरणों में किया जाएगा. सबसे पहले उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) देनी होगी. इसमें सफल अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की परीक्षा (CBT-2) के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) आयोजित किया जाएगा.
इन सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार करने वाले उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा और अंत में मेडिकल परीक्षा (ME) के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी. रेलवे में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें.
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट में नौकरी का सुनहरा मौका! 78000 रुपये तक मिलेगी बेसिक सैलरी, जानें कौन-कौन कर सकता है अप्लाई
ADVERTISEMENT









