उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में रविवार रात नेशनल हाईवे पर एक सनसनीखेज वारदात घटी. वाराणसी से दर्शन कर पत्नी और बच्चे के साथ घर लौट रहे एक युवक की बदमाशों ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. घटना उस समय हुई, जब युवक हाईवे किनारे एक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी खरीदने के लिए रुका था. बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दो गोलियां लगने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
मृतक की हुई पहचान
यह वारदात कादरीगेट थाना क्षेत्र के पांचाल घाट के पास रविवार रात करीब 9 बजे हुई. मृतक की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद के दयालपुर निवासी 32 वर्षीय अरुण हुड्डा के रूप में हुई है. अरुण अपनी पत्नी राखी और बच्चे के साथ कार से वाराणसी दर्शन के लिए गए थे और रविवार को वापस लौट रहे थे.
वारदात के वक्त क्या-क्या हुआ?
रास्ते में पांचाल घाट के पास उन्होंने एक किराना दुकान पर कार रोकी. अरुण ने दुकान से कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी की बोतल खरीदी. वह कोल्ड ड्रिंक खोलकर उसमें नमक डाल रहे थे और अपनी पत्नी को देने ही वाले थे कि तभी एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से उतरे बदमाशों ने बिना किसी बातचीत के अरुण पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी में अरुण को दो गोलियां लगीं और वह मौके पर ही गिर पड़े. पत्नी और बच्चे के सामने हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद का एक वीडियो सामने आया है जिसमें अरुण को गोली लगने के बाद उनकी पत्नी हाथ जोड़कर बोलती हुई दिखाई दीं- 'इन्हें हॉस्पिटल पहुंचा दो पहले.'
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायल अरुण को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया.
पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. कई डीवीआर भी कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है.
फर्रुखाबाद की पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिली थी कि अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी है. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक वाराणसी से फरीदाबाद लौट रहा था और दुकान पर सामान खरीदने के दौरान दो युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी.
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा. फिलहाल पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं और हत्या के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT











