फतेहपुर में 42 साल के गंगासागर संग लिव-इन में रहती थी 18 साल की पुष्पा देवी, युवती की बॉडी इस हाल में मिली

नितेश श्रीवास्तव

23 Jul 2026 (अपडेटेड: 23 Jul 2026, 09:11 AM)

फतेहपुर में 18 साल की युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके 42 वर्षीय लिव-इन पार्टनर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया था. जानिए कैसे एक महीने बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.

UP Crime News

UP Crime News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में 18 साल की युवती की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप उसी 42 साल के व्यक्ति पर लगा है, जिसके साथ युवती पिछले करीब एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गुमशुदगी की कहानी रची. हालांकि करीब एक महीने बाद युवती की पहचान होने और जांच आगे बढ़ने पर पूरे मामले का खुलासा हो गया.

यह भी पढ़ें...

मामला थरियांव थाना क्षेत्र के औरेई गांव का है. पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 18 वर्षीय पुष्पा देवी के रूप में हुई है. गांव के रहने वाले 42 साल गंगासागर की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी. इसके बाद उसका संपर्क पुष्पा से हुआ. आरोप है कि गंगासागर ने पुष्पा को प्रेम जाल में फंसाया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं.

इसके बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया. यह भी सामने आया है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी. नवंबर महीने से दोनों राधानगर थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में साथ रह रहे थे. युवती के परिजनों का कहना है कि वह करीब एक साल से गंगासागर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. पिछले कुछ समय से उसका परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा था.

बेटी से संपर्क टूटा तो पिता को हुई अनहोनी की आशंका

जब काफी समय तक बेटी की कोई जानकारी नहीं मिली तो उसके पिता महावीर लोधी को अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने राधानगर थाने में शिकायत देकर बताया कि उनकी बालिग बेटी करीब एक साल से गंगासागर के साथ रह रही थी, लेकिन अब उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है. पिता ने आशंका जताई कि गंगासागर ने उनकी बेटी की हत्या कर शव कहीं छिपा दिया है.

शिकायत मिलने के बाद राधानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान गंगासागर से कड़ाई से पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात कबूल कर ली.

तीन दिन घर में रखा शव, फिर रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने हत्या के बाद शव को तीन दिन तक घर में छिपाकर रखा. इसके बाद अपने तीन अन्य साथियों की मदद से शव को ट्रैक्टर पर लादकर रेलवे ट्रैक तक ले गया और वहां छोड़ दिया. आरोप है कि हत्या को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देने के लिए ऐसा किया गया, ताकि पुलिस गुमराह हो जाए.

29 जून को मिला था शव, पहचान नहीं होने पर हुआ अंतिम संस्कार

पुलिस के मुताबिक, 29 जून को रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिला था. उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे लावारिस मानकर अंतिम संस्कार करा दिया था. इसके बाद पुलिस लगातार शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही थी.

इसी दौरान गांव में युवती की हत्या की चर्चा होने लगी. इसके बाद उसके पिता को शक हुआ कि रेलवे ट्रैक पर मिला शव उनकी बेटी पुष्पा का हो सकता है. उन्होंने पुलिस से संपर्क कर हत्या की आशंका जताई. इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और आरोपी से पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया.

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी गंगासागर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर और एक बाइक भी बरामद कर ली है.

वहीं शव को ठिकाने लगाने में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है. उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि युवती के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच और पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार की. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर और बाइक बरामद कर ली गई है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.