Pawan Singh: सिद्धार्थनगर महोत्सव के समापन पर भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह ने अपनी गायकी और डांस से ऐसी महफिल लूटी कि पूरा पंडाल झूमने पर मजबूर हो गया. 5 दिवसीय इस उत्सव का अंत एक शानदार बॉलीवुड नाइट के साथ हुआ. इस दौरान पवन सिंह की जबरदस्त परफॉर्मेंस देखने को मिली. इस कार्यक्रम में पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए उनके लाखों फैंस की भीड़ मौजूद थी. जैसे ही पवन सिंह स्टेज पर गए दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया.
ADVERTISEMENT
जमकर झूमें लोग
सिद्धार्थनगर महोत्सव के कार्यक्रम की शुरुआत पवन सिंह ने भक्तिमय अंदाज में भजनों के साथ की जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक हो गया. लेकिन इसके तुरंत बाद उन्होंने अपने सिग्नेचर स्टाइल में गियर बदला और एक के बाद एक अपने सुपरहिट फिल्मी गाने गाए.इस दौरान पवन सिंह ने अपनी सहयोगी महिला कलाकारों के साथ मंच पर ऐसा जबरदस्त डांस किया कि लोग अपनी कुर्सियों से उठकर थिरकने लगे.
इस शाम की सबसे खास बात पवन सिंह और उनके फैंस के बीच का कनेक्शन रही.भीड़ के बीच कुछ फैंस पवन सिंह के हाथ से बनाए हुए स्केच लहरा रहे थे. सुरक्षा घेरे की परवाह न करते हुए पवन सिंह ने उन प्रशंसकों की मेहनत का सम्मान किया और उन्हें मंच पर बुलाकर उनसे स्केच स्वीकार किए. एक्टर का यह सादगी भरा अंदाज देख वहां मौजूद हर कोई उनका फैन बन बैठा.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और भारी भीड़
महोत्सव के अंतिम दिन बॉलीवुड नाइट को लेकर लोगों में भारी क्रेज था. भारी संख्या में उमड़ी भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी. देर रात तक चले इस कार्यक्रम में पवन सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सिद्धार्थनगर की जनता को मनोरंजन की एक ऐसी डोज दी जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे.
ADVERTISEMENT









