BSP MLA उमाशंकर सिंह के यहां इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की पड़ी रेड़, लखनऊ से बलिया तक मची हलचल

Umashankar Singh News: बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ और बलिया स्थित आवासों पर आयकर विभाग की छापेमारी जारी है. पीडब्ल्यूडी ठेकेदारी, राजनीतिक आरोपों और उनके स्वास्थ्य को लेकर मामले ने तूल पकड़ लिया है.

यूपी तक

• 03:44 PM • 25 Feb 2026

follow google news

Umashankar Singh News: बलिया की रसड़ा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. सोमवार सुबह करीब 7 बजे आयकर विभाग की टीम ने उनके लखनऊ के गोमती नगर स्थित आवास और बलिया जिले के रसड़ा में मौजूद पैतृक घर पर एक साथ छापेमारी की. दोनों स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है. फिलहाल आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन कार्रवाई को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं.

यह भी पढ़ें...

पीडब्ल्यूडी ठेकेदारी और राजनीतिक आरोपों का संदर्भ

उमाशंकर सिंह न सिर्फ बसपा विधायक हैं बल्कि पीडब्ल्यूडी के बड़े ठेकेदार भी माने जाते हैं. ‘छात्र शक्ति’ नाम से उनका कंस्ट्रक्शन कार्य चलता है और उन्हें क्षेत्र में प्रभावशाली ठेकेदार के रूप में जाना जाता है. हाल ही में बलिया में एक पुल उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक और प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने आरोप लगाया था कि पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी भाजपा सरकार में होने के बावजूद उमाशंकर सिंह के इशारे पर काम कर रहे हैं. इस बयान के बाद से राजनीतिक तनातनी भी देखने को मिली थी.

मायावती के हैं करीबी 

उमाशंकर सिंह बसपा सुप्रीमो मायावती के बेहद करीबी माने जाते हैं. उन्हें पार्टी में विशेष महत्व प्राप्त है और रक्षाबंधन के अवसर पर मायावती उन्हें राखी भी बांधती रही हैं. जब पार्टी के कई बड़े नेता बसपा छोड़कर चले गए तब भी वे पार्टी के साथ मजबूती से जुड़े रहे. बलिया की रसड़ा सीट से लगातार विधायक रहे उमाशंकर सिंह की छवि एक प्रभावशाली और धनबल वाले नेता के रूप में देखी जाती रही है. इस बीच यह भी महत्वपूर्ण है कि वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित हैं और स्वास्थ्य कारणों से सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम नजर आते हैं. फिलहाल आयकर विभाग की छापेमारी जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: सपा में शामिल होने वाले नवीन सर क्या 2027 चुनाव में अखिलेश यादव को दिलाएंगे फायदा, मां सुधा ने ये सब बताया