नीले ड्रम हत्याकांड में आज फैसला सुनाएगी कोर्ट, सजा से पहले मुस्कान को सता रही बेटी की याद, साहिल ने बंद किया काम

यूपी तक

• 09:44 AM • 14 Oct 2026

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में दोषी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला की सजा पर आज 14 अक्टूबर को फैसला होना है. अदालत के फैसले से पहले दोनों के व्यवहार में बदलाव देखने को मिल रहा है. जेल प्रशासन के मुताबिक दोनों ने खाना कम कर दिया है और दूसरे बंदियों से बातचीत भी घटा दी है.

Google CTA

Blue Drum Sahil-Muskaan Case: मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में दोषी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला की सजा पर आज 14 अक्टूबर को फैसला होना है. अदालत के फैसले से पहले दोनों के व्यवहार में बदलाव देखने को मिल रहा है. जेल प्रशासन के मुताबिक दोनों ने खाना कम कर दिया है और दूसरे बंदियों से बातचीत भी घटा दी है. मुस्कान अपनी बड़ी बेटी से मिलने के लिए बेचैन है, जबकि साहिल ने फिलहाल खेतीबाड़ी से जुड़ा काम रोक दिया है. जेल प्रशासन दोनों की सेहत और गतिविधियों पर नजर रख रहा है.

यह भी देखें...

सजा से पहले मुस्कान को सता रही बेटी की याद

मेरठ जेल प्रशासन के मुताबिक, मुस्कान रस्तोगी बार-बार अपनी बड़ी बेटी से मिलने की इच्छा जता रही है. बंदियों की परेड के दौरान या अधिकारियों के हालचाल लेने पहुंचने पर वह बेटी से मुलाकात का रास्ता पूछती है. हालांकि, फिलहाल यह तय नहीं है कि उसकी बेटी से मुलाकात कब हो पाएगी. वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, जेल प्रशासन के पास बच्ची का पता और फोन नंबर उपलब्ध नहीं है. ऐसे में अधिकारी सीधे संपर्क करके मुलाकात की व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं.

मुलाकात की गुजारिश कर सकती है मुस्कान

बेटी से मिलने का रास्ता पूछने पर मुस्कान को जेल मैनुअल के नियमों की जानकारी दी गई है. नियमों के तहत बंदी अपने परिजनों को पत्र लिख सकता है. मुस्कान भी परिवार को पत्र लिखकर अपनी बड़ी बेटी से मुलाकात कराने का आग्रह कर सकती है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि परिवार तक उसका संदेश कब पहुंचेगा और मुलाकात की व्यवस्था कब हो सकेगी.

साहिल ने खेतीबाड़ी का काम किया बंद

मुस्कान के साथ दोषी करार दिए गए साहिल शुक्ला के व्यवहार में भी बदलाव आया है. जेल प्रशासन के मुताबिक, साहिल ने फिलहाल खेतीबाड़ी से जुड़ा काम रोक दिया है. उसने अधिकारियों से कहा है कि सजा पर फैसला आने के बाद ही वह आगे के काम को लेकर निर्णय करेगा. साहिल भी पहले के मुकाबले कम बातचीत कर रहा है.

दोनों ने कम किया खाना

वरिष्ठ जेल अधीक्षक के मुताबिक मुस्कान ने पूजा-पाठ भी पहले के मुकाबले कुछ कम कर दिया है. दोनों बंदी कम बातचीत कर रहे हैं और अकेले रहने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, जेल प्रशासन ने उनकी सेहत सामान्य बताई है. डॉक्टर नियमित रूप से दोनों की जांच कर रहे हैं और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.

14 अक्टूबर को सजा पर होगा फैसला

मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की मार्च 2025 में हत्या हुई थी. इस मामले में अदालत ने 30 सितंबर 2026 को मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को दोषी करार दिया था. आरोप था कि हत्या के बाद सौरभ के शव के टुकड़े करके सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपाया गया था. अब 14 अक्टूबर को दोनों की सजा पर फैसला होना है. जेल प्रशासन को अभी यह आदेश नहीं मिला है कि दोनों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया जाएगा या अदालत में व्यक्तिगत रूप से ले जाया जाएगा. यदि अदालत व्यक्तिगत पेशी का निर्देश देती है, तो पुलिस की विशेष सुरक्षा में उन्हें ले जाने की व्यवस्था की जाएगी. फिलहाल सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हैं.