उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन गईं. मेरठ-करनाल हाईवे पर सरधना थाना क्षेत्र के दबथुआ गांव के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने शटरिंग का सामान ले जा रहे एक टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. इस भयानक हादसे में टेंपो सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया. घटना के बाद मृतकों के गांव में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
11 अक्टूबर को दबथुआ गांव से बलियों और शटरिंग के सामान से लदा हुआ एक टेंपो निकलकर जैसे ही मुख्य हाईवे पर पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी. यह टक्कर इतनी भयानक थी कि टेंपो के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.
हादसे में तीन मजदूरों की मौत
सूचना मिलते ही सरधना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान दबथुआ गांव के रहने वाले 55 वर्षीय रमेश, 26 वर्षीय अमर और 36 वर्षीय सुशील के रूप में हुई है. ये तीनों मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते थे. इस हादसे में एक चौथा मजदूर भी घायल हुआ है, जिसकी हालत अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर है.
फरार ट्रक चालक की तलाश जारी
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है. हादसे के बाद से आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है. पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और जगह-जगह दबिश दी जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT










