Gyanesh Kumar: दिल्ली में एक बार फिर बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है. इस बार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी और कई संगठन दिल्ली में डेरा डालने वाले हैं. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत इंडिया गठबंधन के कई नेता पहले ही इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं. अब किसान नेता राकेश टिकैत ने भी इस प्रदर्शन को अपना समर्थन देकर युवाओं से दिल्ली पहुंचने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
किसान नेता राकेश टिकैत का समर्थन
इस बड़े प्रदर्शन को भारतीय किसान यूनियन का भी पूरा समर्थन मिल गया है. किसान नेता राकेश टिकैत ने साफ कहा है कि जो भी युवा इस प्रदर्शन का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे तुरंत दिल्ली पहुंचें. साथ ही उन्होंने उन लोगों को भी एक उपाय बताया जो दिल्ली नहीं जा सकते. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग अपने ही जिले में डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर पर जाकर प्रदर्शन करें और राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन अपने डीएम को सौंपें.
पुलिस अलर्ट और ट्रेनें रद्द
सीजेपी के इस दिल्ली कूच को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क हो गया है. हालांकि पुलिस ने इस प्रदर्शन के लिए अब तक कोई परमिशन नहीं दी है, लेकिन सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं. दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. इसके अलावा जानकारी मिल रही है कि करीब 57 मेट्रो स्टेशनों को भी बंद किया जा सकता है. सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने किसान समर्थन के बाद सवाल उठाया है कि सरकार अब ट्रैक्टरों से कैसे निपटेगी.
पहले भी हो चुका है बड़ा आंदोलन
यह पहला मौका नहीं है जब सीजेपी बड़ा प्रदर्शन कर रही है. इससे पहले जुलाई में भी जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया गया था. उस वक्त भी राकेश टिकैत 16 जुलाई को जंतर-मंतर पहुंचे थे और उन्होंने सोनम वांगचुक से मुलाकात कर अपना समर्थन दिया था. दिल्ली से पहले सीजेपी ने महाराष्ट्र के शिवाजी पार्क में भी प्रदर्शन कर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई थी.
ADVERTISEMENT










