पीएम मोदी के बाद अब यूपी के सीएम योगी का दिखा Gen Z वाला लुक, रील बनाकर दिया बड़ा संदेश!

यूपी तक

• 07:34 PM • 03 Sep 2026

Yogi Adityanath Reel: पीएम मोदी के बाद अब सीएम योगी आदित्यनाथ भी ‘Gen-Z’ अंदाज में नजर आए. फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित इलाकों के हवाई सर्वेक्षण के दौरान योगी ने सेल्फी स्टिक से रील बनाकर लोगों को राहत और मदद का भरोसा दिया है.

Google CTA

Yogi Adityanath Reel: युवाओं के साथ जुड़ने के लिए पीएम मोदी के बाद अब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी 'जेन-जी' (Gen-Z) वाले अवतार में नज़र आए हैं. नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच पीएम मोदी ने रील बनाकर इंस्टाग्राम पर नया ट्रेंड सेट कर दिया था. पीएम मोदी ने बीजेपी के नेताओं को भी युवाओं के साथ जुड़ने का संदेश दिया था.

यह भी देखें...

अब सीएम योगी ने भी सेल्फी स्टिक उठाकर फर्रुखाबाद के बाढ़ प्रभावित इलाकों के हवाई सर्वेक्षण की एक खास रील बनाई है. इस वीडियो को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के यूथ आउटरीच अभियान के एक बड़े जवाब के तौर पर देखा जा रहा है.

सीएम योगी का दिखा नया अवतार

सीएम योगी ने अपने हवाई सर्वेक्षण के दौरान खुद सेल्फी स्टिक से वीडियो रिकॉर्ड किया. अपनी रील की शुरुआत में उन्होंने सबसे पहले बाबा नीब करौरी की पावन भूमि फर्रुखाबाद को नमन किया. इसके बाद उन्होंने वीडियो के जरिए लोगों को बताया कि वह आज बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हालचाल जानेंगे.

बाढ़ पीड़ितों की करेंगे पूरी मदद

वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं सुनने और उन्हें हर संभव मदद देने का वादा किया है. उन्होंने जनता को यह भरोसा दिया है कि सरकार के पास बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी है और प्रभावित क्षेत्र के हर एक व्यक्ति को राहत सामग्री बांटी जाएगी.

अखिलेश यादव के वार की काट

सीएम योगी की इस रील को अखिलेश यादव के खिलाफ एक बड़े सियासी कदम के रूप में देखा जा रहा है. अखिलेश यादव रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर लगातार युवाओं को अपने साथ जोड़ रहे हैं. हाल ही में उनकी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज और प्रिया सरोज ने जंतर-मंतर पर युवाओं के प्रदर्शन में हिस्सा लिया था. खुद डिंपल यादव ने 20 जुलाई को लाठीचार्ज में घायल हुए छात्र-छात्राओं की मदद की थी.

यूपी में शुरू होगा डिजिटल कैंपेन

युवाओं और वोटर्स तक अपनी बात सीधे पहुंचाने के लिए बीजेपी एक बड़ा डिजिटल अभियान लॉन्च करने जा रही है. यूपी में 17 सितंबर से इस खास कैंपेन की शुरुआत होगी. इसके तहत राज्य भर के 27 हजार से ज्यादा शक्ति केंद्रों को सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाने का काम सौंपा जाएगा. हर शक्ति केंद्र को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर 10 छोटे वीडियो बनाने का लक्ष्य दिया गया है.