UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के बीच मौसम विभाग ने आज, यानी 15 सितंबर के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है. मानसून ट्रफ के असर और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में मौसम का रुख बदलने वाला है.
ADVERTISEMENT
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के दोनों संभागों (पूर्वी और पश्चिमी यूपी) में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. वहीं, विभाग ने गरज-चमक के साथ वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है.
किन जिलों में बारिश और बिजली की चेतावनी?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 सितंबर को प्रदेश के कई प्रमुख जिलों में मेघगर्जन के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, और आज़मगढ़ जैसे जिलों और आसपास के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और वज्रपात की संभावना है. वहीं, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा और फिरोजाबाद जैसे कुछ पश्चिमी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क या केवल हल्की बूंदाबांदी तक सीमित रहने का अनुमान है.
कहां-कितनी गर्मी?
मौसम बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान में अगले 3 दिनों तक कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालिया दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान अयोध्या में 36.0°C दर्ज किया गया था. रात का सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी में 22.5°C रहा.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 16 और 17 सितंबर के बाद से राज्य में बारिश की गतिविधियों में और कमी आएगी और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
ADVERTISEMENT











