उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन और उनके बेटे रौनक कसौधन पर एक युवक के साथ मारपीट, धमकी और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप लगे हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं घटना के दौरान मौजूद चौकी प्रभारी के खिलाफ भी विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.
ADVERTISEMENT
चौराहे पर रोककर मारपीट का आरोप
पीड़ित अरुण कुमार कोरी कोतवाली नगर क्षेत्र के पल्टू का पुरवा मोहल्ले के रहने वाले हैं और मुरारी दास गली स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में काम करते हैं. आरोप है कि 8 जुलाई को वह काम से निकले थे, तभी शाहगंज चौराहे के पास भाजपा नेत्री पूजा कसौधन और उनके बेटे रौनक कसौधन ने उन्हें रोक लिया.
अरुण का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई.
पुलिस चौकी में पूजा कसौधन ने युवक को मारा थप्पड़!
पीड़ित के मुताबिक मारपीट से बचने के लिए वह भागकर शाहगंज पुलिस चौकी पहुंच गया. आरोप है कि इसके बाद भी भाजपा नेत्री और उनका बेटा चौकी परिसर तक पहुंच गए. युवक का कहना है कि चौकी के अंदर भी उसके साथ अभद्रता की गई और भाजपा नेत्री पूजा ने थप्पड़ मारा. आरोप यह भी है कि उसका मोबाइल फोन लेकर उसकी जांच की गई और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई. आरोप है कि महिला नेता ने युवक को धमकाते हुए कहा कि "समय रहते सुधर जाओ, नहीं तो शासन-प्रशासन मेरा है. तुम मारे जाओगे और कोई पूछने वाला भी नहीं मिलेगा, तुम्हारा दिमाग सही कर देंगे."
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया. वायरल वीडियो में चौकी परिसर के अंदर युवक और आरोपियों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया.
दरोगा पर भी विभागीय जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है. सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के समय चौकी प्रभारी की मौजूदगी को देखते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.
पुलिस ने क्या कहा?
सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह के मुताबिक शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराने जमीन संबंधी विवाद की बात सामने आई है. पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











