स्नैक रेस्क्यू करने वाले मशहूर यूट्यूबर मुरली हौसला को देखिए कोबरा ने कैसे डंसा, ये सीन देख रीढ़ में सिहरन दौड़ जाएगी

यूपी तक

04 Jun 2025 (अपडेटेड: 04 Jun 2025, 05:01 PM)

Jaunpur News: जौनपुर में मशहूर स्नेक रेस्क्यूर मुरली हौसला को कोबरा सांप ने उस वक्त काट लिया जब वे जलालपुर में फंसे कोबरा को बचाने पहुंचे थे. हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती.

Snake rescuer Murli Haushala was bitten by a cobra

Snake rescuer Murli Haushala was bitten by a cobra

Google CTA

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में ‘स्नेक रेस्क्यू’ के लिए मशहूर मुरली हौसला को मंगलवार की दोपहर एक जहरीले कोबरा ने काट लिया. यह हादसा उस वक्त हुआ जब मुरली एक जाल में फंसे कोबरा को बचाने के लिए जलालपुर क्षेत्र में पहुंचे थे. कोबरा के डसते ही मुरली हौसला सकते में आ गए और तुरंत जहर बाहर निकालने की कोशिश करने लगे. फिलहाल उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

यह भी पढ़ें...

कोबरा को बचाने की कोशिश में हादसा

जौनपुर के नौपेड़वा निवासी मुरली हौसला सोशल मीडिया पर अपने जोखिम भरे सांप रेस्क्यू वीडियो के लिए खासे लोकप्रिय हैं. इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं. मुरली को मंगलवार को सूचना मिली थी कि जलालपुर इलाके में एक सांप जाल में फंस गया है. सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे. 

मुरली ने देखा कि जाल में फंसा सांप कोई साधारण प्रजाति नहीं बल्कि खतरनाक कोबरा है. उन्होंने कैंची से जाल काटकर सांप को छुड़ाने की कोशिश शुरू की. तभी अचानक कोबरा ने उनके दाएं हाथ की उंगली पर काट लिया.

वो वीडियो देखिए जब कोबरा ने मुरली को डंसा

सांप के डसने के बाद खुद किया इलाज का शुरुआती प्रयास

कोबरा के डसने के तुरंत बाद मुरली ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने तत्काल अपनी उंगली चूसकर जहर बाहर निकालने की कोशिश की. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है.

मुरली हौसला केवल एक स्नेक रेस्क्यूर नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर एक चर्चित चेहरा भी हैं. उनके द्वारा सांपों को सुरक्षित बचाकर जंगल में छोड़ने के वीडियो वायरल होते रहते हैं. जोखिम भरे मिशनों को अंजाम देते वक्त वे हमेशा कैमरे के सामने होते हैं, जिससे लोगों को जागरूकता और रोमांच दोनों मिलते हैं. मुरली के चाहने वाले उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कोबरा द्वारा डसने का खौफनाक पल भी कैद हुआ है.

सांप रेस्क्यू से जुड़े जोखिमों पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और मेडिकल सपोर्ट के ऐसे जोखिम भरे रेस्क्यू कितने सुरक्षित हैं? मुरली हौसला जैसे रेस्क्यूर्स प्रकृति के लिए अद्भुत काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही ज़रूरी है.