ओयो की अयोध्या में 1,000 होटल कमरे उपलब्ध कराने की योजना, सामने आई ये खास वजह

भाषा

12 Jun 2023 (अपडेटेड: 12 Jun 2023, 06:02 PM)

आतिथ्य और यात्रा प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी ओयो ने अगले साल की शुरुआत में श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने तक अयोध्या में 1,000…

UPTak
Google CTA

आतिथ्य और यात्रा प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी ओयो ने अगले साल की शुरुआत में श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने तक अयोध्या में 1,000 होटल कमरे उपलब्ध कराने की योजना बनाई है.

यह भी पढ़ें...

ओयो ने सोमवार को बयान में कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण अगले साल की शुरुआत में पूरा होने की संभावना को देखते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के यहां आने की उम्मीद है. ऐसी स्थिति में श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए समुचित सुविधा मुहैया कराने के लिए ओयो 1,000 कमरे जोड़ने की तैयारी में है.

ओयो ने कहा कि वह अपनी विस्तार योजना के तहत उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम और अयोध्या विकास प्राधिकरण के साथ मिलकर काम कर रही है. ओयो अपने कारोबार विस्तार के लिए अयोध्या जैसे धार्मिक स्थलों पर विशेष ध्यान दे रही है.

इसके साथ ही ओयो ने इस साल अगस्त तक अपने पोर्टफोलियो में पहाड़ी क्षेत्रों (हिल स्टेशन) में 300 नए होटल जोड़ने की योजना भी बनाई है. गर्मियों की छुट्टियों के दौरान हिल स्टेशनों पर पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के कारण कंपनी यह कदम उठाने जा रही है.

कंपनी ने कहा कि उत्तर भारत में मनाली, मसूरी, नैनीताल, श्रीनगर, शिमला, डलहौजी, हरिद्वार में नए होटल जोड़े जाएंगे. दक्षिण में कंपनी ऊटी, मून्नार और कोडाइकनाल में नए होटल जोड़ेगी.

इसके अलावा पूर्वी भारत में गंगटोक, दार्जिलिंग और शिलॉन्ग और पश्चिम में लोनावाला और महाबलेश्वर में नए होटल जोड़े जाएंगे.

ओयो के प्रवक्ता ने कहा कि हाल के दिनों में हिल स्टेशनों पर होटलों की मांग काफी तेजी से बढ़ी है और यह सिलसिला अगले तीन महीने तक जारी रहेगा.