Jantar Mantar Protest: राजधानी दिल्ली के जिस जंतर-मंतर पर कई ऐतिहासिक धरना-प्रदर्शन हुए हैं, अब वहां कोई धरना नहीं हो पाएगा. गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जंतर-मंतर से प्रदर्शन स्थल का दर्जा छीन लिया है. इस फैसले के बाद समाजवादी पार्टी की मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा किसी जगह को बंद कर देने से जनता की आवाज को नहीं दबाया जा सकता है. डिंपल यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार को चेतावनी दी है कि अब हर भारतीय की आवाज ही जंतर-मंतर बन चुकी है. बता दें जंतर-मंतर पर रोक के बाद अब दिल्ली पुलिस ने विरोध-प्रदर्शन के लिए राजधानी में तीन नई जगहें तय की हैं.
ADVERTISEMENT
डिंपल बोलीं- जन-जागरण नहीं रोक पाओगे
मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने एक्स पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा है कि, 'जगह बदलने से जन-जागरण नहीं रोक पाओगे.' उन्होंने कहा कि अगर सरकार यह सोचती है कि किसी प्रदर्शन स्थल को बंद कर देने से वह आम आदमी की न्याय की आवाज को दबा लेगी, तो यह सरकार की सबसे बड़ी भूल है.
भ्रष्टाचार और महंगाई पर साधा निशाना
डिंपल यादव ने अपने पोस्ट के जरिए सरकार को कई गंभीर मुद्दों पर घेरा है. उन्होंने वोट-चोरी, चंदा चोरी, पेपर लीक, महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है. उन्होंने कविता की पंक्तियों के जरिए सरकार को चेतावनी देते हुए लिखा है कि, 'हर चौपाल, हर सड़क, हर व्यक्ति जो लोकतंत्र बचाने निकला है, अब जंतर-मंतर है. चारों दिशाओं से स्पष्ट आवाज़ आती है- सिंहासन ख़ाली करो कि जनता आती है.'
जंतर-मंतर पर अब नहीं होगा प्रदर्शन
गृह मंत्रालय द्वारा बनाई गई एक विशेष कमेटी की सिफारिश पर दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट साइट से हटा दिया है. संसद और सरकारी दफ्तरों के करीब होने के कारण जंतर-मंतर हमेशा से प्रतीकात्मक विरोध का केंद्र रहा है. हाल ही में यहां एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक का तत्कालीन शिक्षा मंत्री के खिलाफ धरना और कॉकरोच जनता पार्टी का पहला आंदोलन भी हुआ था.
प्रदर्शन के लिए तीन नई जगहें
जंतर-मंतर पर रोक लगाने के बाद अब दिल्ली पुलिस ने नागरिक अधिकारों की मांग और धरना-प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान चुने हैं. अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड में आंदोलन किए जा सकते हैं. दिल्ली पुलिस इन तीनों जगहों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए जल्द ही एक विस्तृत एसओपी जारी करेगी.
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने बता दिया कब तक जारी रहेगा आंदोलन? यूपी से दिल्ली तक गरमाई सियासत!
ADVERTISEMENT











