अयोध्या में भव्य राम मंदिर से जुड़ी संस्था श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से इस वक्त की दो सबसे बड़ी खबरें सामने आ रही हैं. ट्रस्ट के इतिहास में पहली बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी CEO पद पर नियुक्ति कर दी गई है. भारतीय वायु सेना के पूर्व फाइटर पायलट और रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO बनाए गए हैं.
ADVERTISEMENT
इसी के साथ एक और बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का नया महासचिव नियुक्त किया गया है. राम मंदिर चढ़ावा चोरी में लगे आरोपों के बाद चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. ऐसे में अब ट्रस्ट ने स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.
चंपत राय के इस्तीफे के बाद स्वामी गोविंद देव गिरि बने नए महासचिव
राम मंदिर आंदोलन और ट्रस्ट के गठन के बाद से ही चंपत राय महासचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे. उनके इस्तीफे के बाद खाली हुए इस शीर्ष पद पर स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज के नाम पर मुहर लगाई गई है. गोविंद देव गिरी अब तक ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष थे. उनके कोषाध्यक्ष रहते चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया था. अब उन्हें प्रमोट कर महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है. महासचिव बनने के बाद गोविंद देव गिरी राम मंदिर ट्रस्ट के सबसे ताकतवर ट्रस्टियों में शामिल हो गए हैं. अब वह महासचिव के रूप में ट्रस्ट की मुख्य नीतियों, निर्णयों और संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन करेंगे.
5,585 आवेदकों को पछाड़कर जितेंद्र मिश्रा बने CEO
राम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधन, सुरक्षा और वित्तीय पारदर्शिता को वैश्विक स्तर पर सुदृढ़ करने के लिए पहली बार CEO पद का सृजन किया गया था. इस पद के लिए देशभर से कुल 5,585 आवेदन प्राप्त हुए थे. पूर्व जज की अध्यक्षता वाली चयन समिति द्वारा 16 उम्मीदवारों के इंटरव्यू के बाद अंततः रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम का चयन किया गया.
नए नेतृत्व के सामने होंगी ये बड़ी जिम्मेदारियां
स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज और रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की यह जोड़ी अब अयोध्या में राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुगम दर्शन व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता और परिसर में जारी निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की बड़ी जिम्मेदारी संभालेगी.
ADVERTISEMENT











