अतीक और अशरफ की हत्या को लेकर अब BSP चीफ मायावती का आया बयान, कह डाली ये बड़ी बात

यूपी तक

• 04:13 AM • 16 Apr 2023

माफिया अतीक अहमद और अशरफ अहमद की बीते शनिवार रात पुलिस अभिरक्षा में गोलियां मार कर हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड ने पूरे उत्तर…

UP Tak
Google CTA

माफिया अतीक अहमद और अशरफ अहमद की बीते शनिवार रात पुलिस अभिरक्षा में गोलियां मार कर हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड ने पूरे उत्तर प्रदेश को हिला कर रख दिया है. कुछ समय पहले ही एसटीएफ की टीम ने उमेश पाल शूटआउट के आरोपी असद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था. बता दें कि अतीक और अशरफ की मौत के बाद यूपी की सियासत भी गर्मा गई है. समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दल इस हत्याकांड को लेकर योगी सरकार पर हमलावर हैं.

यह भी पढ़ें...

इसी बीच बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती का भी इस हत्याकांड पर बयान सामने आया है. बसपा प्रमुख ने पुलिस हिरासत में हुई अतीक और अशरफ की हत्या को लेकर योगी सरकार को निशाने पर लिया है.

जानिए क्या कहा बसपा सुप्रीमो ने

बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट किया, “गुजरात जेल से अतीक अहमद व बरेली जेल से लाए गए उनके भाई अशरफ की प्रयागराज में कल रात पुलिस हिरासत में ही खुलेआम गोली मारकर हुई हत्या, उमेश पाल जघन्य हत्याकाण्ड की तरह ही, यूपी सरकार की कानून-व्यवस्था व उसकी कार्यप्रणाली पर अनेकों गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े करती है.”

इसके बाद बसपा चीफ ने अगला ट्वीट किया. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, “देश भर में चर्चित इस अति-गंभीर व अति-चिन्तनीय घटना का माननीय सुप्रीम कोर्ट अगर स्वंय ही संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करे तो बेहतर. वैसे भी उत्तर प्रदेश में ’’कानून द्वारा कानून के राज’’ के बजाय, अब इसका एनकाउंटर प्रदेश बन जाना कितना उचित? सोचने की बात.”

अखिलेश ने भी साधा योगी सरकार पर निशाना

अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, “उत्तर प्रदेश में अपराध की पराकाष्ठा हो गई है और अपराधियों के हौसले बुलंद है. जब पुलिस के सुरक्षा घेरे के बीच सरेआम गोलीबारी करके किसी की हत्या की जा सकती है तो आम जनता की सुरक्षा का क्या. इससे जनता के बीच भय का वातावरण बन रहा है. ऐसा लगता है  कुछ लोग जानबूझकर ऐसा वातावरण बना रहे हैं.”