UP Weather Update: यूपी के इन जिलों में आज 50-60°C तक पहुंच सकता है पारा...हीटवेव से राहत कब मिलेगी?

यूपी तक

• 01:17 PM • 22 May 2026

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का कहर जारी है. कई जिलों में हीट इंडेक्स 50-60°C तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने पूर्वांचल और तराई के कुछ जिलों में बारिश और राहत की संभावना जताई है, जबकि कई इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया गया है.

follow google news
1

1/7

|

उत्तर प्रदेश में मई के महीने में गर्मी ने रौद्र रूप ले लिया है.सूर्यदेव की तीखी किरणों के चलते पूरा सूबा इस वक्त आग की भट्टी की तरह तप रहा है. आसमान से बरसती इस आग के बीच आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं.

2

2/7

|

इस झुलसाने वाली तपिश के बीच मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से एक राहत भरी खबर आई है. वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेशवासियों को अगले गुरुवार तक तो इस भीषण गर्मी का डटकर सामना करना पड़ेगा.लेकिन इस चुनौतीपूर्ण हफ्ते के खत्म होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा.
 

3

3/7

|

यूपी के तराई बेल्ट और पूर्वांचल के 17 जिलों का मौसम सुहाना होने वाला है. लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, पीलीभीत, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी और संत कबीर नगर में बादलों की आवाजाही के साथ गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ेंगी जिससे लू की रफ्तार पर ब्रेक लगेगा.

4

4/7

|

मौसम विभाग का आज का हीट इंडेक्स बेहद डराने वाला है. आगरा, बहराइच और गोरखपुर में हवा की उमस के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा यानी 50 से 60 डिग्री सेल्सियस तक की जानलेवा गर्मी महसूस हो रही है. ऐसे में दोपहर के वक्त बिना जरूरी काम के बाहर निकलना सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है.

5

5/7

|

यूपी के 16 अन्य जिलों में भी उमस वाली गर्मी का भारी टॉर्चर देखने को मिल रहा है. बागपत, कन्नौज, मैनपुरी, हरदोई, रायबरेली, फतेहपुर, चित्रकूट, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, जौनपुर, चंदौली, गाज़ीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलरामपुर और सिद्धार्थ नगर में हीट इंडेक्स 40 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है.

6

6/7

|

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों की मुश्किलें अभी और बढ़ने वाली हैं. अगले 48 घंटों के दौरान इस क्षेत्र में तापमान में 2-3°C की धीरे-धीरे (क्रमिक) और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी जिससे रात और दिन दोनों के समय उमस और गर्मी का दोहरा प्रहार झेलना पड़ेगा.

7

7/7

|

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर और जौनपुर में 'भीषण लू' का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और झांसी सहित दर्जनों जिलों में 'अति उष्ण लहर' चल रही है. प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी है.

(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रहे आशुतोष पाण्डेय ने संपादित किया है.)

रिलेटेड फोटो गैलरी