क्या हैं बंगाल चुनाव और यूपी के बीच के 4 बड़े कनेक्शन? वीडियो में समझिए पूरी इनसाइड स्टोरी
ADVERTISEMENT
Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू. जानें क्यों यूपी की पार्टियां बंगाल चुनाव को 2027 के सेमीफाइनल के तौर पर देख रही हैं और सीएम योगी के प्रचार का क्या होगा असर.
West Bengal Vidhan Sabha Chunav 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का आगाज़ हो चुका है और इसकी तपिश उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में भी महसूस की जा रही है. 23 अप्रैल को शुरू हुए इस मतदान के साथ ही यूपी की सभी प्रमुख पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है. आखिर बंगाल चुनाव के परिणाम यूपी की राजनीति के लिए इतने महत्वपूर्ण क्यों हैं और यह 2027 की बिसात कैसे बिछाएंगे? आइए समझते हैं.
यूपी के लिए क्यों अहम है बंगाल का रण?
पश्चिम बंगाल का चुनाव केवल एक राज्य की सत्ता का फैसला नहीं है, बल्कि यह यूपी की भविष्य की राजनीति के लिए एक 'ब्लूप्रिंट' की तरह है. यूपी की सभी पार्टियां बंगाल के नतीजों के आधार पर ही अपनी आगामी रणनीतियों की रूपरेखा तैयार करेंगी.
पंकज चौधरी की अपील और बीजेपी का 'सोनार बांग्ला' संकल्प
यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी चुनाव को लेकर काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से बंगाल के मतदाताओं से वोट की अपील करते हुए लिखा कि भ्रष्टाचार और अराजकता से मुक्ति के लिए 'कमल' का बटन दबाएं. बीजेपी इसे सुशासन और विकास की नई आजादी के तौर पर पेश कर रही है.
बंगाल चुनाव और यूपी के बीच के 4 बड़े कनेक्शन
- बीजेपी का मनोबल और संगठन: पश्चिम बंगाल को जीतना भाजपा के लिए एक बड़ा सपना रहा है. अगर पार्टी यहां किला फतह करने में सफल होती है, तो इसका सीधा असर यूपी के कार्यकर्ताओं के मनोबल पर पड़ेगा. यह जीत 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के पक्ष में एक मजबूत नैरेटिव सेट करेगी.
- योगी आदित्यनाथ का 'ब्रांड' और हिंदू वोट: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंगाल में धुआंधार और आक्रामक रैलियां की हैं. उनके भाषणों और रैलियों ने वहां के चुनाव को बेहद दिलचस्प बना दिया है. अब देखना यह होगा कि उनका 'स्टार पावर' और हिंदू वोटों को एकजुट करने की रणनीति वहां कितनी सफल होती है.
- यूपी में टीएमसी की एंट्री और गठबंधन: तृणमूल कांग्रेस (TMC) केवल बंगाल तक सीमित नहीं है. यूपी के कई जिलों में टीएमसी अपना संगठन खड़ा कर चुकी है और यहां इंडिया गठबंधन का हिस्सा है. 2024 के चुनाव में भदोही से ललितेश पति त्रिपाठी टीएमसी के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे. ऐसे में ममता बनर्जी की जीत या हार यूपी में विपक्षी दलों की ताकत तय करेगी.
- विपक्षी एकजुटता की परीक्षा: बंगाल चुनाव के नतीजे यह तय करेंगे कि यूपी में विपक्षी दल बीजेपी के खिलाफ कितने आक्रामक होकर उतरेंगे. ममता बनर्जी का प्रदर्शन विपक्षी खेमे की रणनीति और उनके भविष्य के रुख को प्रभावित करेगा.
