कासगंज में मंदिर मेले में 12 साल की तनु ने वो क्या चीज खाई थी जो हो गई मौत? घर जाते ही बिगड़ी तबीयत
उत्तर प्रदेश के कासगंज में मां चामुंडा देवी मंदिर के मेले से लौटते समय 12 साल की तनु श्रीवास्तव की अचानक तबीयत बिगड़ गई. नौ दिन का व्रत पूरा करने के बाद उसने मेले में चाउमीन और आइसक्रीम खाई थी.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के कासगंज में मंदिर के मेले में चाउमीन और आइसक्रीम खाने के बाद 12 साल की बच्ची की मौत हो गई. बच्ची परिवार के साथ मां चामुंडा देवी मंदिर में दर्शन करने गई थी. नौ दिन का व्रत पूरा करने के बाद उसने मेले में चाउमीन और आइसक्रीम खाई.
घर लौटते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. उसे उल्टियां होने लगीं और वह बेचैन हो गई. परिवार उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
घटना सोमवार दोपहर की है. मृत बच्ची की पहचान एटा जिले के मिरहची कस्बे की रहने वाली तनु श्रीवास्तव के रूप में हुई है. कक्षा 10 की छात्रा थी. अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती आशंका है कि उल्टी के दौरान खाने का कोई टुकड़ा उसकी सांस की नली में फंस गया होगा. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
दर्शन के बाद मेले में खाई थी चाउमीन और आइसक्रीम
तनु सोमवार को नौ दिन का व्रत पूरा करने के बाद परिवार के साथ कासगंज स्थित मां चामुंडा देवी मंदिर गई थी. मंदिर परिसर में मेला लगा हुआ था. दर्शन करने के बाद उसने वहां चाउमीन और आइसक्रीम खाई.
शाम करीब 4:30 बजे परिवार घर लौट रहा था. इसी दौरान तनु अचानक बेचैन होने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं. उसकी हालत बिगड़ती देख परिवार के लोग उसे तुरंत कासगंज के कलावती अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
सांस की नली में खाना फंसने की आशंका
एटा के अपर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि आशंका है कि उल्टी के दौरान चाउमीन का कोई टुकड़ा बच्ची की सांस की नली में चला गया और रास्ता अवरुद्ध हो गया. इससे उसकी मौत हो सकती है.
हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी. फिलहाल सांस की नली में खाना फंसने की बात एक आशंका है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
असम में काम करते हैं बच्ची के पिता
तनु एंजेल फ्यूचर स्कूल की छात्रा थी. पिता शरद श्रीवास्तव असम के डिब्रूगढ़ में एक निजी कंपनी में टेक्नीशियन के तौर पर काम करते हैं. बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गए. घटना से परिवार में मातम पसरा है.
ये भी पढ़ें- 'जब अमीर बनेंगे तभी लौटेंगे...' इंस्टाग्राम रील देखकर घर से भागे 3 दोस्त, आगरा पुलिस ने 24 घंटे में ऐसे खोज निकाला
