बीजेपी सरकार बनने पर मिठाई बांटने से नाराज पट्टीदारों ने की मुस्लिम युवक की पिटाई, मौत
कुशीनगर के रामकोला थाने के कठघरही गांव में मुस्लिम युवक को बीजेपी का प्रचार करने और सरकार बनने पर मिठाई बांटने के कारण अपनी जान…
ADVERTISEMENT

कुशीनगर के रामकोला थाने के कठघरही गांव में मुस्लिम युवक को बीजेपी का प्रचार करने और सरकार बनने पर मिठाई बांटने के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी. मुस्लिम युवक को उसके पट्टीदारों ने जमकर पिटाई की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान कठघरही गांव निवासी बाबर बीजेपी का प्रचार कर रहा था. 10 मार्च को चुनावी नतीजों में बीजेपी को बहुमत के साथ जीत मिलने के बाद वह पूरे गांव में मिठाई बांटा था. मगर बाबर के पड़ोस में रहने वाले पट्टीदार इस बात से नाराज हो गए थे.
आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान पट्टीदारों ने कई बार बाबर को धमकाया था. जिसके बाद बाबर ने पुलिस थाने में सुरक्षा की गुहार भी लगाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
बीते 20 मार्च को गांव में बाबर ने ‘जय श्रीराम’ का नारा लगा दिया. आरोप है कि इसके बाद बाबर के गुस्साए पट्टीदार अजीमुल्लाह, आरिफ, ताहिद और परवेज ने मिलकर उस पर हमला बोल दिया. सबने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की.
पुरुषों के साथ कई महिलाओं ने भी बाबर को जमकर पीटा. जान बचाने के लिए बाबर अपने छत पर चढ़ा, लेकिन वहां भी पट्टीदार पहुंच गए और छत से बाबर को नीचे फेंक दिया. छत से गिरे बाबर को रामकोला सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया. 27 मार्च को लखनऊ में इलाज के दौरान बाबर की मौत हो गई.
वहीं इस मामले को लेकर एसडीएम वरुण कुमार पांडेय ने कहा कि केस में दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी और जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी.
