UP Politics: योगी सरकार में जल्द मंत्रिमंडल विस्तार होने की संभावना है. जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में कल शाम कैबिनेट का विस्तार हो सकता है. इसे लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और कई नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं. सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं. माना जा रहा है कि इसी मुलाकात के बाद नए मंत्रियों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT
9 से 10 नए मंत्री ले सकते हैं शपथ
जानकारी के मुताबिक इस बार योगी कैबिनेट में 9 से 10 नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं. इसके साथ ही कई मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव होने की संभावना है. सरकार जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश में जुटी है.
इन नेताओं के नाम चर्चा में
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं. इनमें भूपेंद्र चौधरी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है. वह जाट (ओबीसी) समाज से आते हैं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और एमएलसी हैं तथा मुरादाबाद के रहने वाले हैं. वहीं मनोज पांडेय ब्राह्मण समाज से आते हैं, समाजवादी पार्टी के बागी नेता माने जाते हैं और रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक हैं. साथ ही पूजा पाल को भी मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है. वह पाल (ओबीसी) समाज से आती हैं, सपा की बागी नेता हैं और कौशांबी के चायल से विधायक हैं. इसके अलावा अशोक कटारिया का नाम भी चर्चा में है, जो गुर्जर (ओबीसी) समाज से आते हैं, एमएलसी हैं और बिजनौर के रहने वाले हैं. कृष्णा पासवान, जो पासी (एससी) समाज से आती हैं और फतेहपुर की खागा सीट से विधायक हैं, उनका नाम भी संभावित सूची में शामिल बताया जा रहा है. वहीं सुरेश पासी, जो अमेठी के जगदीशपुर से विधायक हैं और पासी (एससी) समाज से आते हैं, उन्हें भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है.
कई मंत्रियों के विभाग बदलने की भी चर्चा
सूत्रों का कहना है कि इस विस्तार में सिर्फ नए मंत्री ही शामिल नहीं होंगे, बल्कि कई मौजूदा मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं. हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. फिलहाल सभी की नजरें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राजभवन में होने वाली बैठक पर टिकी हुई हैं.
ADVERTISEMENT









