Sitapur Education News: समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ मंगलवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर, सिधौली में किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन सिधौली विधायक मनीष रावत ने किया. इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, योजना प्रभारी, चयनित शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT
कार्यक्रम के दौरान विधायक मनीष रावत ने यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रणाली, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री, नोट्स और प्रभावी रणनीति की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ तैयारी करने का आह्वान किया.
इस दौरान अभ्यर्थियों ने सी-सैट, प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की तैयारी से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विधायक और जिला समाज कल्याण अधिकारी ने विस्तार से जवाब दिया. उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध अध्ययन, नियमित अभ्यास, आत्ममूल्यांकन और सकारात्मक सोच प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की कुंजी है.
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत समय-समय पर यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों, विषय विशेषज्ञों और अनुभवी शिक्षकों के विशेष व्याख्यान एवं मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे. इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी का अवसर मिलेगा.
ADVERTISEMENT











