Ghaziabad Harish Rana Viral Video: सुप्रीम कोर्ट से इच्छामृत्यु की अनुमति मिलने के बाद से ही गाजियाबाद के हरिश राणा का नाम सुर्खियों में बना हुआ है.करीब 13 सालों तक कोमा में पड़े हरीश राणा अब अपने जीवन के अंतिम सफर पर हैं. सुप्रीम कोर्ट से पैसिव यूथेनेशिया यानी निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति मिलने के बाद उन्हें एम्स दिल्ली में शिफ्ट कर दिया गया है. यहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका लाइफ सपोर्ट धीरे-धीरे हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.इस बीच सोशल मीडिया पर उनकी विदाई का एक इमोशनल वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में ब्रह्माकुमारी संस्था की एक बहन हरीश को आध्यात्मिक विदाई देते हुए कह रही हैं 'सबको माफ करते हुए सबसे माफी मांगते हुए अब जाओ.' खबर में आगे जानिए हरीश राणा को उनके घर से विदा करने वाली ये महिला कौन हैं?
ADVERTISEMENT
ब्रह्माकुमारी संस्था की बहन लवली ने ये बताया
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रही महिला कोई और नहीं ब्रह्माकुमारी संस्था की एक बहन हैं जिनका नाम लवली है. हरीश को आध्यात्मिक शक्ति देने वाली ब्रह्माकुमारी बहन लवली ने बताया कि हरीश राणा का परिवार पिछले 18 वर्षों से संस्था से जुड़ा है. उन्होंने इस क्षण को आध्यात्मिक दृष्टि से समझाते हुए कहा कि आत्मा का शरीर छोड़ना एक संवेदनशील यात्रा है. उन्होंने हरीश को संदेश दिया कि इस संसार में हर कोई अपना किरदार निभाने आता है और एक दिन उसे वापस पिता (परमात्मा) के पास जाना ही होता है.
13 साल की तपस्या और परिवार का त्याग
हरीश के पिता अशोक राणा और उनके पूरे परिवार ने पिछले 13 वर्षों को एक तपस्या की तरह जिया है. राजनगर एक्सटेंशन की राज एंपायर सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि परिवार की पूरी दुनिया हरीश के बिस्तर के इर्द-गिर्द सिमट गई थी. दिन हो या रात परिवार ने हरीश की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी. लेकिन जब डॉक्टरों ने ठीक होने की सारी उम्मीदें खत्म बता दीं. तब भारी मन से उन्होंने अदालत से इस इच्छामृत्यु की गुहार लगाई.
एम्स में शुरू हुई 'पैसिव यूथेनेशिया' की प्रक्रिया
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हरीश को एम्स में भर्ती कराया गया है. मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत अब विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके लाइफ सपोर्ट सिस्टम को धीरे-धीरे हटाएगी. कानून के अनुसार यह प्रक्रिया यह सुनिश्चित करने के लिए है कि मरीज को कम से कम तकलीफ हो और उसे सम्मानजनक विदाई मिल सके.हरीश की विदाई की खबर से पूरी राज एंपायर सोसाइटी में सन्नाटा और गमगीन माहौल है. पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने राणा परिवार के संघर्ष को करीब से देखा है. आज जब हरीश अंतिम विदाई ले रहे हैं तो हर कोई इस परिवार के धैर्य और हरीश की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहा है.
ADVERTISEMENT









