Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. जिसमें पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े स्लीपर सेल मॉड्यूल का खुलासा हुआ है. यूपी एटीएस और एसटीएफ के संयुक्त ऑपरेशन में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें मुजफ्फरनगर का रहने वाला गगनदीप उर्फ गुर सिंह भी शामिल है. इस कार्रवाई के बाद उसके गांव शाहपुर (थाना रामराज क्षेत्र) में हलचल मच गई है और पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
गिरफ्तारी और मामले का खुलासा
यूपी एटीएस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए चार आरोपियों पर आरोप है कि वे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल नेटवर्क से जुड़े हुए थे. गिरफ्तार आरोपियों में गगनदीप उर्फ गुर सिंह का नाम सामने आने के बाद जांच एजेंसियां उसके पूरे नेटवर्क और गतिविधियों की जांच कर रही हैं. बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला एक संगठित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा हुआ है.
गांव पहुंची टीम
जांच के दौरान मीडिया टीम मुजफ्फरनगर के रामराज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव पहुंची. जहां आरोपी गगनदीप का घर स्थित है. वहां उसके भाई लाढ़ी सिंह से बातचीत की गई. लेकिन उन्होंने किसी भी तरह की जानकारी से इनकार किया. उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी नहीं थी और वे इस समय काफी परेशान हैं.
लाढ़ी सिंह ने बताया कि गगनदीप 10वीं तक पढ़ा है और पहले अपने पिता के साथ ट्रक कंडक्टरी का काम करता था. लेकिन तबीयत खराब होने के बाद उसने यह काम छोड़ दिया. इसके बाद वह नोएडा चला गया. जहां वह वाईफाई से जुड़ा काम करने लगा. परिवार का दावा है कि उन्हें उसके किसी गलत संपर्क की जानकारी नहीं थी.
नोएडा कनेक्शन और जांच एजेंसियों के दावे
जांच एजेंसियों के अनुसार गगनदीप का संपर्क कथित रूप से नोएडा में एक अन्य आरोपी महकाब से हुआ. जिसके बाद यह नेटवर्क आगे बढ़ा. बताया जा रहा है कि सभी आरोपी सोशल मीडिया और वीडियो कॉलिंग के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क में आए थे.
एटीएस और एसटीएफ की जांच में यह भी सामने आया है कि यह नेटवर्क संवेदनशील स्थानों की रेकी कर जानकारी साझा करने जैसी गतिविधियों में शामिल था. इसके अलावा असलहों की व्यवस्था और अन्य संदिग्ध आतंकी गतिविधियों की साजिश की आशंका भी जताई जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी और आगे की कार्रवाई
इस मामले में चार आरोपियों मुशरफ, शाहरुख, गगनदीप और महकाब को गिरफ्तार किया गया है. सभी से लगातार पूछताछ की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं और जल्द ही इन्हें कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी भी चल रही है.
आगे की जांच और सुरक्षा एजेंसियों की नजर
जांच एजेंसियों का कहना है कि यह नेटवर्क केवल स्थानीय नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर से जुड़ा हो सकता है. जिसमें पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद भट्ट के नाम भी सामने आ रहे हैं. आरोप है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारतीय युवाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था.फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां जल्द ही इस पूरे मामले में बड़े खुलासे की संभावना जता रही हैं.
यह भी पढ़ें: मुर्गी पालन से बन सकते हैं लाखपति...सरकार की इस योजना में मिल रहा लाखों का लोन, जानें कैसे करें अप्लाई
ADVERTISEMENT









