कानपुर में ग्राम प्रधान के बेटे अभय यादव ने साथियों के साथ दलित परिवार पर की बर्बरता, पूरा मामला जानिए

यूपी तक

• 08:03 AM • 23 Feb 2026

Kanpur Crime Report: कानपुर के सजेती में प्रधान पुत्र अभय यादव की दबंगई! ट्रैक्टर टकराने पर दलित परिवार को बुरी तरह पीटा और उनके आशियाने में आग लगा दी. देखिए ग्राउंड जीरो से पूरी रिपोर्ट.

Google CTA

कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के मढ़ा गांव में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां ट्रैक्टर टकराने के मामूली विवाद में ग्राम प्रधान के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक दलित परिवार पर हमला किया और उनके घर (झोपड़ी) में आग लगा दी. विवाद की शुरुआत दिन में ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुई थी. सरगांव के प्रधान पुत्र अभय सिंह यादव और गांव के ही मन्नू लाल के ट्रैक्टरों के बीच टक्कर हो गई थी. 

यह भी देखें...

हालांकि, यूपी 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दिन में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था, लेकिन रात में विवाद फिर गहरा गया.

आरोप हैं कि रात करीब 8:30 बजे अभय सिंह यादव अपने साथियों के साथ मढ़ा गांव पहुंचा और मन्नू लाल के परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने दलित परिवार की झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे उनका घर जलकर राख हो गया. इस हिंसक झड़प में परिवार के चार से पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज घाटमपुर सीएचसी में चल रहा है. कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर किया गया है.

घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और पुलिस अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. गांव में तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.