HPCL Recruitment 2026: सरकारी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर सामने आया है. देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने विभिन्न पदों पर बड़ी भर्ती निकाली है. इस भर्ती के जरिए कंपनी 700 से अधिक पदों को भरने जा रही है. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी एचपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया फिलहाल जारी है और उम्मीदवारों को तय समय सीमा के अंदर अपना फॉर्म भरना होगा. कंपनी ने इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फाइनेंस, लीगल और अन्य क्षेत्रों से जुड़े कई पदों के लिए आवेदन मांगे हैं.
ADVERTISEMENT
731 पदों पर होगी भर्ती
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की इस भर्ती के तहत कुल 731 पदों को भरा जाएगा. इनमें जूनियर एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट, सिविल इंजीनियर, मैकेनिकल इंजीनियर, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर, केमिकल इंजीनियर, एचआर लीगल ऑफिसर, ऑफिसर (फाइनेंस), सीनियर ऑफिसर, असिस्टेंट मैनेजर, मैनेजर (प्रोजेक्ट) और सीनियर साइबर सिक्योरिटी स्ट्रेटजिस्ट जैसे कई पद शामिल हैं. कंपनी का उद्देश्य विभिन्न तकनीकी और प्रबंधन क्षेत्रों में योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति करना है ताकि संगठन की कार्यक्षमता को और मजबूत बनाया जा सके.
क्या है आवेदन की लास्ट डेट
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 25 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे लास्ट डेट का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. उम्मीदवार आवेदन के लिए कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट www.hindustanpetroleum.com पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं.
आयु सीमा और सैलरी
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 25 साल से 43 साल के बीच तय की गई है. वहीं अगर सैलरी की बात करें तो चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार आकर्षक सैलरी पैकेज दिया जाएगा. कुछ पदों पर मासिक वेतन 30000 रुपये से लेकर 280000 रुपये तक हो सकता है. वहीं सीनियर साइबर सिक्योरिटी स्ट्रेटजिस्ट के पद पर चयनित उम्मीदवार को 50 से 60 लाख रुपये सालाना तक का पैकेज मिलने की संभावना है.
क्या है सिलेक्शन प्रोसेस
भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा. सबसे पहले अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) या लिखित परीक्षा देनी होगी. इसके बाद सफल उम्मीदवारों को ग्रुप टास्क और इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. कंपनी के अनुसार सीबीटी परीक्षा का आयोजन मई 2026 के तीसरे सप्ताह में किया जा सकता है. हालांकि यह डेट फिलहाल टेंटेटिव बताई गई है.
क्या होनी चाहिए शैक्षणिक योग्यता?
इस भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं तय की गई हैं. उम्मीदवारों के पास तीन साल की ग्रेजुएशन डिग्री, तीन साल का फुल टाइम डिप्लोमा, साइंस ग्रेजुएशन के साथ फायर एंड सेफ्टी डिप्लोमा, चार साल का इंजीनियरिंग कोर्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA), कॉस्ट अकाउंटेंट (CMA), एमबीए, पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री, पर्सनल मैनेजमेंट, इंडस्ट्रियल रिलेशंस, साइकोलॉजी, लॉ ग्रेजुएशन या अन्य संबंधित डिग्री होना जरूरी है.
कुछ पदों के लिए संबंधित क्षेत्र में कार्य अनुभव भी मांगा गया है. ऐसे में उम्मीदवार जिस पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उससे जुड़ी योग्यता और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में जरूर देख लें.
कैसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी सही-सही भरनी होगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले भर्ती से जुड़ा आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 275 पदों पर निकली भर्ती, अप्लाई करने के लिए करना होगा ये काम
ADVERTISEMENT









