सोशल मीडिया पर मूंछों पर ताव देते हुए "बना लो वीडियो, अखिलेश यादव को भेज देना" कहने वाले मैनपुरी के डीएसपी (सीओ सिटी) अशोक सिंह का इस पूरे मामले पर बयान सामने आ गया है. वायरल वीडियो पर मचे सियासी और प्रशासनिक हंगामे के बाद डीएसपी ने अपनी सफाई दी है और घटना के पीछे की पूरी कहानी बताई है.
ADVERTISEMENT
मूंछों पर ताव वाले वीडियो पर क्या बोले DSP अशोक सिंह?
डीएसपी अशोक सिंह ने वायरल वीडियो और अपने बयान पर रुख साफ करते हुए कहा कि पुलिस पर अनावश्यक रूप से राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही थी.
उन्होंने बताया, "30 अगस्त 2026 की शाम को थाना एलाऊ क्षेत्र के अघार गांव में एक हेल्पर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और ड्राइवर घायल हो गया था. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी मोहित यादव को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार किया. घायल ड्राइवर ने भी आरोपी की पहचान की थी."
डीएसपी ने आगे बताया कि घटना के पीछे गांव के दो प्रधानों के बीच की रंजिश थी, जो एक ही समुदाय (यादव) से हैं. मौजूदा प्रधान सुग्रीव यादव का एक बेटा 307 के केस में जेल में है और दूसरा भी आरोपी है. मौजूदा प्रधान ने पुलिस पर दबाव बनाने और रंजिश के तहत निर्दोष कन्हैया यादव को फंसाने के लिए खूब हंगामा करवाया.
"मुझे एक जात विशेष का अधिकारी बताया गया"
डीएसपी अशोक सिंह के मुताबिक, कन्हैया यादव घटना के समय 30 किलोमीटर दूर मैनपुरी में मौजूद था, जिसे फर्जी फंसाने की कोशिश की गई. पुलिस ने प्रधान के इस प्रोपगैंडा को नाकाम कर दिया और सही आरोपी को जेल भेजा.
पोस्टमार्टम हाउस की घटना का जिक्र करते हुए डीएसपी अशोक सिंह ने कहा, "वहां मुझे एक जात विशेष का पुलिस अधिकारी बताकर निशाना बनाया जा रहा था. जब मुझसे कहा गया कि यह वीडियो पार्टिकुलर नेता को भेजा जाएगा, तब मैंने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा था कि उन्हें न भेजकर उससे ऊपर भेज दो. पुलिस ने निष्पक्ष होकर काम किया है और फर्जी तरीके से निर्दोष को जेल भेजने के प्रयास को निष्फल किया है."
वायरल वीडियो में क्या कहते हुए दिखे थे DSP?
वायरल वीडियो में DSP कह रहे थे, "क्या वीडियो बना रहे हो... बनाओ-बनाओ. ये देखो नाम अशोक कुमार सिंह, पिता का नाम बलबीर सिंह, आजमगढ़ के रहने वाले हैं. बना लो वायरल कर देना... अखिलेश यादव को दे देना."
जून 2026 में हुई थी मैनपुरी में तैनाती
मूल रूप से आजमगढ़ जिले के रहने वाले डीएसपी अशोक सिंह जून 2026 में प्रशासनिक फेरबदल के तहत औरैया से ट्रांसफर होकर मैनपुरी पहुंचे थे. मूंछों पर ताव देने और खुलेआम नाम-पता बताते हुए बयान देने वाला उनका यह वीडियो अब भी सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: कौन हैं मैनपुरी में तैनात DSP अशोक सिंह जिन्होंने मूछों पर ताव देते हुए कहा- 'वीडियो अखिलेश यादव को दे देना'
ADVERTISEMENT











