मथुरा-वृंदावन के बीच करीब 12 किलोमीटर लंबे रेल ट्रैक पर रेलबस सेवा बंद होने के बाद अब यहां सड़क बनाने की तैयारी है. इसके साथ ही ब्रज क्षेत्र की 200 पुरानी और जरूरी विरासत इमारतों को बचाने के लिए भी नई योजना शुरू की जाएगी.
ADVERTISEMENT
इन फैसलों पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की 9वीं बैठक में चर्चा हुई. बैठक में ब्रज क्षेत्र के विकास, विरासत संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कई फैसले लिए गए.
रेल ट्रैक की जगह बनेगी सड़क
अधिकारियों के मुताबिक, मथुरा और वृंदावन के बीच रेलबस सेवा बंद होने के बाद 12 किलोमीटर लंबे रेल ट्रैक की जगह सड़क बनाई जाएगी. इसका उद्देश्य इस मार्ग पर आवागमन को बेहतर करना है.
बैठक में ब्रज क्षेत्र में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए सिटी बस रूट पर उन्हीं वाहनों को चलाया जाए, जो सड़कों की चौड़ाई और वहां के ट्रैफिक के हिसाब से उपयुक्त हों.
तीन साल में पूरा होगा ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा का काम
बैठक में ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा से जुड़े विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को इस परियोजना को तीन साल के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए.
परिक्रमा मार्गों को श्रद्धालुओं के लिए और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि रास्तों में ऐसी सामग्री का इस्तेमाल किया जाए, जो बारिश के दौरान फिसलन वाली न हो और श्रद्धालुओं के पैरों को भी नुकसान न पहुंचाए.
पार्किंग के साथ बनेंगे डॉर्मिटरी, कैफे और फूड कोर्ट
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ब्रज क्षेत्र में होल्डिंग एरिया और मल्टीलेवल पार्किंग विकसित करने की योजना पर भी काम होगा. इसके लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) या रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल का इस्तेमाल किया जा सकता है.
इन सुविधाओं के साथ डॉर्मिटरी, कैफे और फूड कोर्ट भी विकसित किए जाएंगे. बैठक में हैदराबाद की हार्टफुलनेस फाउंडेशन की ओर से गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए 10 गोल्फ कार्ट देने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई.
जन्माष्टमी से पहले सुरक्षा और सफाई पर खास जोर
कृष्ण जन्माष्टमी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों से गश्त बढ़ाने और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में लगातार कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया है.
ब्रज क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए दो शिफ्ट में सफाई, घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था मजबूत करने और कचरे के प्रभावी निस्तारण के निर्देश भी दिए गए हैं. बैठक में प्रदेश सरकार के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











