आमतौर पर जनसुनवाई पोर्टल पर अधिकारी या विभाग की लापरवाही की शिकायतें देखने को मिलती हैं. मगर उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां हुई भारी बारिश और जलभराव से परेशान एक युवक ने सीधे बारिश के देवता भगवान इंद्रदेव के खिलाफ ही जिलाधिकारी राहुल पांडेय को शिकायत पत्र भेज दिया. जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से भेजी गई इस ऑनलाइन शिकायत के सामने आने के बाद कुछ लोग सोशल मीडिया पर युवक का मजाक उड़ा रहे हैं, तो वहीं कई लोग इस घटनाक्रम को देखकर पूरी तरह हैरान हैं.
ADVERTISEMENT
किसने की डीएम से शिकायत?
यह अनोखा शिकायत पत्र हरदोई जिले के मल्लावां ब्लॉक स्थित नेवादा परस गांव के रहने वाले सूरज तिवारी द्वारा भेजा गया है. शिकायतकर्ता सूरज तिवारी का आरोप है कि जिले में पिछले कई घंटों से इंद्रदेव द्वारा लगातार अत्यधिक वर्षा कराई जा रही है. बिना किसी पूर्व सूचना के कभी तेज तो कभी धीमी हो रही इस बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे किसानों की फसलों पर संकट मंडराने लगा है और लोगों का घरों से निकलना व दैनिक कामकाज करना मुश्किल हो गया है.
'भगवान इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं पता'
इस शिकायत पत्र का सबसे दिलचस्प और चर्चा का विषय बना हिस्सा इसका आखिरी नोट है. शिकायतकर्ता ने पत्र में लिखा है कि उन्हें भगवान इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं पता है, इसलिए जिलाधिकारी महोदय से अनुरोध है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और अपने 'दिव्य संपर्क माध्यम' के जरिए इंद्रदेव को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें. ताकि बारिश को तत्काल नियंत्रित किया जा सके और जनपदवासियों को राहत मिल सके. सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा यह पत्र अब आम जनता के बीच चर्चा और हंसी का पात्र बना हुआ है, जबकि कई लोग इसे प्रशासनिक व्यवस्था पर एक अनोखा व्यंग्य भी मान रहे हैं.
ADVERTISEMENT











