यूपी में दस्तक देने को तैयार मॉनसून, 25+ जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
यूपी तक
• 01:30 PM • 30 Jun 2026
UP Monsoon 2026: उत्तर प्रदेश में अगले 24 से 48 घंटे में मॉनसून की एंट्री होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है. अगले चार दिनों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर सकता है. जानिए किन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश होगी, 1 से 3 जुलाई तक मौसम कैसा रहेगा और किन सावधानियों का पालन करना जरूरी है.
ADVERTISEMENT


1/7
|
उत्तर प्रदेश के लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है. इसके लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल हो चुका है. मॉनसून की दस्तक से पहले ही कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और अगले चार दिनों में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है. इसके साथ ही लू का असर भी खत्म होने लगेगा.


2/7
|
30 जून को मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पूर्वी यूपी के कई इलाकों और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. ऐसे मौसम में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


3/7
|
मौसम विभाग के अनुसार देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं जैसे जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में जलभराव और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है.


4/7
|
प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. इनमें प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर समेत पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिले शामिल हैं. मौसम खराब होने पर खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT


5/7
|
मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 जुलाई को मॉनसून और भी ज्यादा सक्रिय होगा. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में व्यापक बारिश का दौर जारी रहेगा. कई जिलों में भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं 3 जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी.


6/7
|
बीते दिन प्रयागराज उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दूसरी ओर बस्ती सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून के सक्रिय होने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिलेगी.
ADVERTISEMENT


7/7
|
मॉनसून के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में खेतों में काम कर रहे किसान और आम लोग बिजली चमकने के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और जल स्रोतों से दूर रहें. बारिश के समय किसी पक्के और सुरक्षित भवन में शरण लें तथा जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें. मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर बनाए रखें.
(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)
ADVERTISEMENT










