लेटेस्ट न्यूज़

अखिलेश यादव को सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस खास अंदाज में दी बर्थडे की बधाई

CM Yogi Wish for Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं. जानिए अखिलेश यादव का राजनीतिक सफर, उपलब्धियां और जन्मदिन पर सियासी माहौल.

ADVERTISEMENT

Akhilesh Yadav and CM Yogi
Akhilesh Yadav and CM Yogi, CM Yogi Wish for Akhilesh Yadav
social share
Google CTA

CM Yogi Wish for Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख चेहरे, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज यानी 1 जुलाई को जन्मदिन है. इस खास मौके पर पूरे प्रदेश में सपा कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और वे अपने अखिलेश भैया के जन्मदिन को बेहद धूमधाम से मना रहे हैं. राजधानी लखनऊ स्थित सपा कार्यालय से लेकर सोशल मीडिया तक सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. इस बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को किनारे रखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बेहद खास अंदाज में अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं जो इस वक्त काफी चर्चा बटोर रहा है.

सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दी खास बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अखिलेश यादव को बधाई देते हुए लिखा 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई. प्रभु श्री राम से आपके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना है.' 

सीएम योगी के साथ-साथ प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा 'सपा प्रमुख, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व माननीय सांसद श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और ढेरों शुभकामनाएं. मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम, भगवान श्री कृष्ण और आदिदेव महादेव की कृपा आप पर बरसे और आप सदैव स्वस्थ रहें और दीर्घायु रहें.' इनके अलावा भारतीय जनता पार्टी के तमाम दिग्गज नेताओं और मंत्रियों ने भी सोशल मीडिया के जरिए सपा प्रमुख को जन्मदिन की बधाई संदेश भेजे हैं.

अखिलेश यादव का अब तक का सफर?

अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफाई गांव में हुआ था. वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और उनकी पहली पत्नी मालती देवी के बेटे हैं. अखिलेश यादव के राजनीतिक सफर पर नजर डालें तो उनकी मुख्य धारा की राजनीति में एंट्री साल 2000 में हुई जब वे कन्नौज लोकसभा सीट से उपचुनाव जीतकर पहली बार सांसद चुने गए. इसके बाद वे लगातार दो बार और सांसद रहे.

साल 2012 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई और मात्र 38 साल की उम्र में वे उत्तर प्रदेश के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने. उनके इस कार्यकाल में युवाओं के लिए लैपटॉप योजना, साइकिल वितरण, एक्सप्रेसवे निर्माण और कई अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू हुईं. साल 2017 के बाद से वे समाजवादी पार्टी के पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उत्तर प्रदेश की राजनीति में विपक्ष की एक मजबूत और प्रखर आवाज बने हुए हैं.