Mathura News: नगर में छोटे-छोटे गेस्ट हाउसों पर हो रही प्रशासनिक कार्रवाई से परेशान संचालकों ने मंगलवार को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले नगर मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं. व्यापार मंडल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने तथा एकल खिड़की प्रणाली (सिंगल विंडो सिस्टम) लागू करने का सुझाव दिया, जिस पर नगर मजिस्ट्रेट ने सहमति जताई.
ADVERTISEMENT
प्रशासनिक कार्रवाई से बढ़ी परेशानी
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लगातार गेस्ट हाउस सील होने और विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है. इससे छोटे गेस्ट हाउस संचालकों के साथ-साथ वहां कार्यरत कर्मचारियों के परिवारों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.
एकल खिड़की व्यवस्था की उठी मांग
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि फायर विभाग, पर्यटन विभाग, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाए. साथ ही सभी जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए एकल खिड़की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि संचालकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें.
नगर मजिस्ट्रेट ने दिया बैठक का आश्वासन
नगर मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने व्यापार मंडल के सुझाव पर सहमति जताते हुए कहा कि जल्द ही सभी होटल और गेस्ट हाउस संचालकों की बैठक बुलाई जाएगी. बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि संचालकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके.
नगर महामंत्री शशिभानु गर्ग ने बताया कि प्रस्तावित बैठक का उद्देश्य होटल और गेस्ट हाउस संचालकों के सामने आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान कर उनके व्यवसाय को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद करना है.
इस दौरान नगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, महामंत्री शशिभानु गर्ग, उपाध्यक्ष गुरमुख दास, चौधरी राजवीर सिंह, संयुक्त महामंत्री श्रीभगवान चतुर्वेदी, विजयवीर सिंह, कृष्ण गोपाल शर्मा, बलवीर सिंह, सुधीर तोमर, देवी सिंह, ओंकार गौतम, किशन चंद शर्मा, पवन शर्मा, भगवान सिंह सहित कई पदाधिकारी और गेस्ट हाउस संचालक मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT











