Ayodhya Deepotsav 2026: अयोध्या में 10वें दीपोत्सव 2026 के अवसर पर रामनगरी 30 लाख दीयों की रोशनी से जगमगा उठी. सरयू नदी के किनारे बने 56 घाटों पर दीये प्रज्वलित किए गए और राम की पैड़ी समेत पूरी अयोध्या में भव्य नजारा देखने को मिला.
दीपोत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. इस खास मौके पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन करते हुए उनके तमिलनाडु के साधारण किसान परिवार से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने के सफर और भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी निष्ठा का उल्लेख किया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक पल को भी याद किया.
वहीं, आयोजन के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. करीब 6 हजार पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी, आरएएफ और एटीएस की टीमें तैनात की गईं.
- 06:08 PM • 07 Nov 2026
30 लाख दीयों से रोशन हुई रामनगरी
अयोध्या में 10वें दीपोत्सव पर राम की पैड़ी घाट लाखों मिट्टी के दीयों की रोशनी से जगमगा उठा. सरयू नदी के किनारे बने 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये जलाए जा रहे हैं. पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी से भव्य नजर आ रहा है.
- 05:44 PM • 07 Nov 2026
राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलन शुरु
अयोध्या में राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. घाटों पर सजाए गए दीयों को जलाया जा रहा है. देखते ही देखते दीपों की रोशनी से राम की पैड़ी जगमगाने लगी है और भव्य दीपोत्सव का नजारा दिखाई देने लगा है.
- 05:26 PM • 07 Nov 2026
CM योगी ने अयोध्या में उपराष्ट्रपति का किया स्वागत
अयोध्या में दीपोत्सव 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन का स्वागत और अभिनंदन किया. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे उपराष्ट्रपति ने भारतीय परंपराओं, संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा के जरिए देश में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं. सीएम योगी ने कहा कि उपराष्ट्रपति का अयोध्या की पावन धरती पर आगमन उनके लिए स्वागत का अवसर है. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के पल को भी याद किया. उन्होंने कहा कि उस समय ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो आकाश से अयोध्या नगरी पर फूलों की वर्षा हो रही हो.
- 05:16 PM • 07 Nov 2026
CM योगी ने भगवान राम और माता जानकी की आरती उतारी
अयोध्या में 10वें दीपोत्सव समारोह में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम और माता जानकी की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी. इस दौरान रामनगरी में दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
पूरे आयोजन क्षेत्र को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है. सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 6 हजार पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें 20 एडिशनल एसपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं.
- 05:12 PM • 07 Nov 2026
अयोध्या में आज भव्य दीपोत्सव मनाया जा रहा है. आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. भगवान सूर्य के अस्त होते ही सरयू नदी के किनारे बने 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये रोशन हो उठेंगे. राम की पैड़ी, सरयू घाट और रामकथा घाट समेत पूरी रामनगरी दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगी. पिछले कई दिनों से घाटों पर दीये सजाने का काम चल रहा था, जिन्हें अब तेल और रुई की बातियों से तैयार कर दिया गया है.
स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता इस व्यवस्था में जुटे हैं. कोई दीयों में तेल भर रहा है तो कोई बातियां ठीक कर रहा है. राम की पैड़ी पर भी बड़ी संख्या में दीये सजाए गए हैं. यहां शाम करीब 5:30 बजे से दीप प्रज्वलन शुरू होगा और भगवान राम के विजय व स्वागत उत्सव का भव्य नजारा देखने को मिलेगा.
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT

