इंदौर में शादी से लेकर मेघालय में हनीमून और फिर पति राजा का शव, गाजीपुर में मिली सोनम रघुवंशी की पूरी कहानी चौंका देगी

UP News: इंदौर के सोनम रघुवंशी और राजा रघुवंशी शादी के बाद हनीमून के लिए मेघायल गए थे. फिर दोनों गायब हो गए. काफी दिन बाद राजा का शव खाई से मिला. मगर सोनम का कुछ पता नहीं चला. अब सोनम गाजीपुर में मिली है. उसने गाजीपुर से ही अपने भाई को फोन किया है. जानिए सोनम की पूरी कहानी.

UP News, Ghazipur News, Ghazipur, sonam raghuwanshi, sonam raghuwanshi found, sonam raghuwanshi, Meghalaya missing couple, Indore tourists missing, Raja Raghuwanshi murder, Sonam Raghuwanshi missing

UP News

यूपी तक

• 10:19 AM • 09 Jun 2025

follow google news

UP News: पिछले कुछ दिनों से इंदौर पुलिस और मेघालय पुलिस राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी के मामले में उलझी हुई है. सोनम और राजा शादी के बाद हनीमून के लिए मेघालय गए. मगर वहां दोनों गायब हो गए. फिर पुलिस ने दोनों को खोजने के लिए सर्च अभियान चलाया तो राजा रघुवंशी का शव गहरी खाई से बरामद हुआ. मगर सोनम का कुछ पता नहीं चला. ये मामला इतना रहस्यमयी हो गया था कि पूरे देश की नजर इस पर थी. सवाल ये था कि आखिर सोनम कहां गई? उसके साथ क्या हुआ? अब सोनम रघुवंशी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिली है. अब सवाल ये है कि आखिर सोनम मेघालय से यूपी के गाजीपुर कैसे पहुंच गई?

यह भी पढ़ें...

सोनम की पूरी कहानी जानिए

1- इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई के दिन इंदौर में ही हुई थी. सोनम रघुवंशी की उम्र 24 साल थी. दोनों ने तय किया था कि वह हनीमून के लिए मेघालय जाएंगे. 20 मई के दिन दोनों हनीमून के लिए मेघालय के लिए रवाना हो गए.

2- 23 मई के दिन ये दोनों शिलांग के नोंग्रियाट गांव के डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज पर आखिरी बार साथ दिखे. इसके बाद दोनों गायब हो गए. दोनों के गायब होने से इंदौर से लेकर शिलांग तक में हड़कंप मच गया. जो स्कूटी दोनों ने किराए पर ली थी, वह पुलिस को 24 मई के के दिन लावारिस हालत में मिली.

3- शिलांग पुलिस दोनों की तलाश करती रही. दोनों के परिवार भी वहां पहुंच गए. इसी बीच मामले में नया मोड़ तब आया जब 2 जून के दिन पति राजा रघुवंशी का शव गहरी खाई से बरामद किया गया. राजा के शव की पहचान भी उसके हाथ में बने टैटू से की गई. पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेजा और हत्या की बात सामने आई.

4- इसके बाद से सवाल बना हुआ था कि आखिर राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी कहां हैं? सोनम रघुवंशी के साथ क्या हुआ? अनहोनी की आशंका तक जताई जाने लगी.

5- सोनम की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें भी लग गईं. इस मामले को लेकर सीबीआई जांच की मांग भी होने लगी.

अब गाजीपुर में इस हाल में मिली सोनम

बता दें कि अब सोनम रघुवंशी गाजीपुर में मिली है. वह गाजीपुर के नंदगंज इलाके में स्थित हाईवे ढाबे पर आई. रात के 1 बजे के करीब सोनम ने ढाबे वाले से मदद मांगी और कॉल करने के लिए फोन मांगा. फिर उसने अपने भाई को वीडियो कॉल किया और अपने गाजीपुर होने की जानकारी परिवार को दी. सोनम को देख ढाबे वाले ने भी पुलिस को फोन कर दिया. 

बताया जा रहा है कि जिस समय सोनम ढाबे पर आई, वह अचेत हालत में थी. पुलिस उसे महिला डॉक्टर के पास लेकर गई. जांच में उसके शरीर पर कोई भी चोट नहीं पाई गई. इसके बाद सोनम को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया. सोनम के गाजीपुर में मिलने से मेघालय की शिलांग पुलिस और इंदौर पुलिस में हड़कंप मच गया.

बताया जा रहा है कि अब इंदौर और शिलांग पुलिस की टीमें गाजीपुर आ रही हैं. फिलहाल पुलिस सोनम से पूछताछ कर रही है. उससे पूछा जा रहा है कि वह यहां कैसे आई और उसके साथ कौन-कौन हैं? पुलिस कोशिश कर रही है कि सोनम की पूरी कहानी जल्द से जल्द साफ हो सके. 

शिलांग पुलिस ले सकती है एक्शन

फिलहाल युवती को वन स्टॉप सेंटर पर रखा गया है. पुलिस का कहना है कि शिलांग पुलिस यदि केस में उसे वांटेड बताकर उसे साथ ले जाना चाहती है तो जरूरी दस्तावेजों की जांच के बाद उसे सौंपा जाएगा. इधर, शिलांग के डीआईजी द्वारा बात करने के बाद एक टीम को गाजीपुर रवाना किया गया है, जो जल्द ही यहां पहुंचेगी. फिलहाल एमपी और शिलांग पुलिस का इंतजार है.