live blog active
लाइव

Delhi Jantar Mantar CJP Protest LIVE Updates: संसद में हंगामे के बीच स्पीकर ओम बिड़ला को अखिलेश यादव ने जमकर सुना दिया

यूपी तक

22 Jul 2026 (अपडेटेड: 22 Jul 2026, 12:31 PM)

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. आंदोलन को विपक्षी दलों का भी समर्थन मिल रहा है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई बड़े नेता संसद से लेकर सड़क तक मोर्चा संभाले हुए हैं. आप इस LIVE ब्लॉग में पढ़िए आंदोलन से जुड़ा हर बड़ा अपडेट, नेताओं के बयान, पुलिस की कार्रवाई और जंतर-मंतर से पल-पल की ताजा जानकारी.

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav (File Photo)

Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के बैनर तले छात्रों का प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा शामिल हैं. इस आंदोलन को विपक्षी नेताओं का भी जमकर समर्थन मिल रहा है. 20 जुलाई को 'चलो संसद' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव होने के बाद ऐसा लगा था कि, अब मामला शांत हो गया है. मगर मामला तब पलट गया जब 21 जुलाई को प्रदर्शन कर रहे लोकसभा के नेता राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई. वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव को भी हिरासत में लिया था, जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने यूपी में जगह जगह प्रदर्शन किया था. यूपी Tak के इस LIVE ब्लॉग में पढ़िए जंतर-मंतर प्रदर्शन से जुड़े हर बड़े अपडेट, नेताओं के बयान, पुलिस की कार्रवाई और मौके से आने वाली पल-पल की ताजा जानकारी.

यहां देखें पल-पल के लाइव अपडेट्स

 

  • 01:32 PM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: AAP के बाद अब सपा और कांग्रेस में भी मतभेद की खबर

    AAP के बाद अब सपा और कांग्रेस के बीच भी मतभेद की चर्चा. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित होने के बाद अखिलेश यादव और केसी वेणुगोपाल के बीच तीखी बहस हुई. बताया जा रहा है कि इससे पहले अखिलेश यादव ने बीजेपी और कांग्रेस के बीच 'डील' होने का दावा किया था. इसी मुद्दे पर केसी वेणुगोपाल ने उनसे सवाल-जवाब किए. सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव ने अपनी बात दोहराते हुए कहा 'इस्तीफे बाद में भी दिए जा सकते हैं. सबसे पहले छात्रों पर हुई बर्बरता का जवाब मिलना चाहिए.'
     

  • 01:27 PM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: राहुल गांधी के समर्थन में इमरान मसूद

    कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने NEET मुद्दे पर विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा 'राहुल गांधी ने अपने किसी बयान या मांग में कोई बदलाव नहीं किया है.' इमरान मसूद ने सवाल उठाया, 'जिस तरह राहुल गांधी के साथ व्यवहार किया गया, क्या यही लोकतांत्रिक परंपरा है? देश के विपक्ष के नेता के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?'

     

  • 01:23 PM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: मीडिया पर प्रियंका गांधी का बड़ा बयान

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मीडिया से कहा, 'आप इसे क्या कहेंगे? क्या यही दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है?उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा, 'अब आप सभी को सच दिखाना और सच बोलना शुरू कर देना चाहिए.' दिल्ली में जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच प्रियंका गांधी का यह बयान चर्चा में है.

  • 01:07 PM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: दिल्ली में छात्रों के आंदोलन की गूंज अब प्रयागराज पहुंची

    दिल्ली में छात्रों के आंदोलन की गूंज अब प्रयागराज पहुंची. इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र संगठनों ने सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन. छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई.विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के सामने छात्रों ने सड़क जाम कर किया विरोध.

    छात्र बोले 'दिल्ली की तर्ज पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में भी चलेगा आंदोलन.' प्रदर्शन के दौरान कई बार सड़क पर धरने पर बैठे छात्र. मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को सड़क से हटाने का किया प्रयास.
    पुलिस की समझाइश के बावजूद प्रदर्शन पर अड़े रहे छात्र. प्रदर्शन के चलते विश्वविद्यालय के बाहर कुछ देर यातायात प्रभावित.

  • 01:06 PM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: वाराणसी में भी छात्रों का प्रदर्शन तेज

    वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है.NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं.प्रदर्शनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में भी सड़क पर उतरे हैं.कैंपस में छात्रों की नारेबाजी जारी है.मौके पर स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.
     

     

     

  • 12:12 PM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: संसद में जमकर भड़के अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा 'यह मुद्दा समाजवादी पार्टी, कांग्रेस या बीजेपी का नहीं, बल्कि देश के बच्चों और युवाओं के भविष्य का है. क्या छात्रों, खासकर बेटियों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाएगा? उनके कपड़े फाड़े जाएंगे? हमें मजबूरी में प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करना पड़ा. अगर सरकार के पास जवाब है तो प्रधानमंत्री सदन में आकर देश के सामने अपनी बात रखें.'

  • 12:07 PM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हुआ तो सड़क पर उतरेंगे-अखिलेश यादव

    सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि अगर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हुआ तो विपक्ष सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा. अखिलेश ने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर सरकार जवाबदेही से बच रही है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.

  • 12:05 PM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE:संसद गतिरोध पर खड़गे की दो टूक, रखी बड़ी शर्त

    संसद में जारी गतिरोध खत्म कराने की कोशिशों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा के सभापति से मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान खड़गे ने विपक्ष का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बिना सदन में चर्चा संभव नहीं है. उन्होंने साफ कहा कि सरकार पहले शिक्षा मंत्री से इस्तीफा ले, उसके बाद ही विपक्ष चर्चा के लिए तैयार होगा.

  • 11:45 AM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: दिल्ली की सुरक्षा बढ़ी, पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां रवाना

    सूत्रों के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां भेजी गई हैं. संसद सत्र और राजधानी में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह बड़ा फैसला लिया गया है.

    जानकारी के अनुसार, कोलकाता से CRPF जवानों को विशेष व्यवस्था के तहत तत्काल दिल्ली रवाना किया जा रहा है. इन कंपनियों की तैनाती संवेदनशील इलाकों में की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.

  • 11:44 AM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशन कर दिए गए बंद

    DMRC ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय समेत कई मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है. हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज (ट्रेन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी.

  • 11:40 AM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: डिंपल यादव ने कही ये बात

    डिंपल यादव ने कहा कि 'युवा यहां सरकार को यह बताने आये थे कि व्यवस्था ख़राब है और उनके कल्याण के लिए काम नहीं कर रही है. निर्दोष छात्रों को पीटा गया. यह एक निर्दयी सरकार है. इसे हराने का एकमात्र विकल्प वोट ही है.'

  • 11:39 AM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: अखिलेश यादव का बयान

    हमें सोचना चाहिए कि सरकार अपने मंत्री को क्यों नहीं हटा पा रही है. सरकार पर किस तरह का दबाव है? क्या मंत्री के पास सरकार के ऐसे राज़ हैं जिनकी वजह से उसे हटाया नहीं जा पा रहा है? सरकार डरी हुई लग रही है.

  • 11:38 AM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: संसद में गतिरोध के बीच राज्यसभा चेयरमैन से मिले मल्लिकार्जुन खरगे

    सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, संसद में गतिरोध के बीच राज्यसभा चेयरमैन से राज्यसभा में मिले विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे. गतिरोध ख़त्म करने को लेकर चर्चा में खरगे ने कहा- पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा हो उसके बाद हम चर्चा पर तैयार है.

  • 11:36 AM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: जेपी नड्डा, नितिन नबीन, पीयूष गोयल की बैठक जारी

    संसद भवन में जेपी नड्डा, नितिन नबीन, पीयूष गोयल की बैठक जारी है. आज सरकार और सीजेपी में दूसरे दौर की बात संभव है.  

  • 11:27 AM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: दिल्ली में प्रदर्शन के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने दिया बड़ा बयान

    दिल्ली सहित देश भर में चल रहे प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी संसद के मानसून सत्र के दौरान अराजकता फैलाने के लिए लगातार बेशर्मी से छात्रों को राजनीतिक मोहरे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं. राहुल गांधी और कांग्रेस ने माननीय प्रधानमंत्री के आवास के बाहर धरना देना चुना, जिससे जनता को भारी असुविधा हुई और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह उल्लंघन किया गया.'

    उन्होंने आगे लिखा कि, 'सरकार द्वारा इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार होने की बात स्पष्ट करने के बावजूद, कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक तमाशा चुनना पसंद किया. उनका उद्देश्य कभी भी छात्रों की समस्याओं का समाधान तलाशना था ही नहीं, उनका एकमात्र मकसद राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए व्यवधान पैदा करना था. राहुल गांधी के लिए यह छात्रों से जुड़ा मुद्दा नहीं है. यह चर्चा के हर वास्तविक रास्ते खुले होने के बावजूद सिर्फ टकराव पैदा करने की कोशिश है.

    धर्मेंद्र प्रधान आगे लिखते है कि, हमारी सरकार सदन के पटल पर NEET पर चर्चा करने और हमारे युवाओं की हर जायज चिंता का समाधान करने के लिए 100% प्रतिबद्ध है. भारत के छात्र किसी राजनीतिक अभियान में 'प्रॉप्स' (मोहरे) की तरह इस्तेमाल किए जाने से बेहतर के हकदार हैं. वे अराजकता के बजाय निश्चितता, नारों के बजाय समाधान और व्यवधान के बजाय जवाबदेही के हकदार हैं. हमारे छात्रों को केवल आक्रोश नहीं, बल्कि जवाब, सुधार और पारदर्शिता चाहिए और हमारी सरकार यही देने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है.

     

  • 11:26 AM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: CJP से बात करेगी सरकार

    सूत्रों के अनुसार, आज (22 जुलाई) दोपहर 12 बजे सरकार के प्रतिनिधि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत करेंगे.

  • 11:15 AM • 22 Jul 2026

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: सोनम वांगचुक से जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की क्या बातचीत हुई?

    Delhi Jantar Mantar Protest LIVE: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बीती रात अनशन कर रहे सोनम वांगचुक से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने सोनम वांगचुक का हालचाल जाना और साथ ही यह मीटिंग एक घंटे से ज्यादा समय तक चली. बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों नेताओं ने उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराने और देश के शिक्षा ढांचे में जरूरी सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठा रही है. सरकार ने वांगचुक से अपील की कि वे छात्रों को सरकार पर भरोसा बनाए रखने और आंदोलन को आगे न बढ़ाने का संदेश दें. यह जानकारी भी सामने आई है कि मेदांता पहुंचने से पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी 4 घंटे से अधिक समय तक इस मुद्दे पर गहन मंथन किया था.

  • 11:09 AM • 22 Jul 2026

    "जब तक छात्र संतुष्ट नहीं होंगे और उनकी समस्याएं बनी रहेंगी: अखिलेश यादव

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छात्रों के प्रोटेस्ट पर अपना लेटेस्ट बयान दिया है. 

    अखिलेश यादव ने कहा,

    • "समाजवादी पार्टी समेत पूरा विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है."
    • "सरकार आज ही छात्रों की समस्याओं का समाधान कर दे, हमारा प्रदर्शन आज ही खत्म हो जाएगा."
    • "जब तक छात्र संतुष्ट नहीं होंगे और उनकी समस्याएं बनी रहेंगी, हमारा विरोध सदन के अंदर और बाहर जारी रहेगा."
    • "जो छात्रों और युवाओं के साथ हुआ है, उससे लगता है कि सरकार डरकर व्यवहार कर रही है."
    • "पूरा देश, नौजवान और उनके परिवार मंत्री को हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसा नहीं कर पा रही."
    • "क्या वजह है कि सरकार मंत्री को नहीं हटा रही? इस पर सोचना चाहिए."
    • "कहीं ऐसा तो नहीं कि मंत्री के पास कुछ छुपे राज हों और उन्हें बचाने के लिए सरकार कार्रवाई नहीं कर रही?"