लेटेस्ट न्यूज़

UP: चुनाव हारे BJP प्रत्याशियों को स्वतंत्र देव का लेटर, कहा- ‘ये केवल क्षणिक विराम’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में जहां बीजेपी नहीं जीती वहां के प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने…

ADVERTISEMENT

UPTak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में जहां बीजेपी नहीं जीती वहां के प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने एक लेटर लिखा है.

उन्होंने लेटर में कहा है कि जन सेवा के कार्य में ये भी सही, वो भी सही…ये केवल क्षणिक विराम हो सकता है, विश्राम नहीं.

स्वतंत्र देव ने लेटर में लिखा है, “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री जगत प्रकाश नड्डाजी के मार्गदर्शन व प्रेरणा से आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के यशस्वी और ऊर्जावान नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार को प्रदेश की जनता ने पुनः सेवा का अवसर दिया है. इस असाधारण उपलब्धि का श्रेय आपके तप, त्याग और परिश्रम को भी जाता है.”

यूपी बीजेपी चीफ ने कहा, “कुछ मतों से आप पीछे जरूर रह गए, लेकिन भारतीय जनता पार्टी अपनी जीत संपूर्णता में देखती है. यह हमारे संगठन का संस्कार है. जन सेवा के पावन कार्य में वो भी सही, ये भी सही. जो संकल्प आपने अपने जीवन के लिए लिया है, उस कर्तव्य पथ पर यह केवल क्षणिक विराम हो सकता है, विश्राम नहीं.”

उन्होंने कहा, “मुझे आशा ही नहीं पूरा विश्वास है कि पूर्व की ही भांति आप पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता जनार्दन की सेवा में और देश-प्रदेश की गौरव यात्रा में योगदान के लिए अग्रसर रहेंगे. आपको भविष्य की कीर्ति और यश की ढेरों शुभकामनाएं.”

गौरतलब है कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में बीजेपी को कुल 255 सीटें हासिल हुई हैं, जबकि उसके सहयोगी दलों- अपना दल (सोनेलाल) को 12 और निषाद पार्टी को 6 सीटों पर जीत मिली है.

वहीं, समाजवादी पार्टी को 111 सीटें मिली हैं, जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल को 8 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 6 सीटों पर कामयाबी मिली है. कांग्रेस और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को दो-दो और बहुजन समाज पार्टी को एक सीट मिली है.

UP चुनाव: समाजवादी पार्टी को लेकर केशव देव मौर्य बोले- ‘हार से शर्माइए मत’