आकांक्षा को यूपी पुलिस का पेपर दिलाने ले गया था शिव कुमार, उसकी आंखों के सामने ही पति का हो गया मर्डर
Saharanpur Crime News: सहारनपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र के बाहर ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात. 4 महीने पहले लव मैरिज करने वाले शिव कुमार की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या. आरोपी साला मंजीत फरार, पुलिस जांच जारी.
ADVERTISEMENT

1/7
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिनदहाड़े ऑनर किलिंग की एक रूह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया. शामली का रहने वाला 24 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाकर स्कॉर्पियो से लौट रहा था, तभी हाईवे पर चढ़ते ही घात लगाए हमलावर ने उसकी जिंदगी का अंत कर दिया.

2/7
शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा के सपनों को पंख देने के लिए उसे सहारनपुर के गोचर इंटर कॉलेज में परीक्षा दिलाने लाया था. वह घंटों केंद्र के बाहर इस उम्मीद में इंतजार करता रहा कि उसकी पत्नी खाकी वर्दी पहनने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाएगी, लेकिन उसे क्या पता था कि बाहर उसकी मौत उसका इंतजार कर रही है.

3/7
जैसे ही परीक्षा खत्म हुई आकांक्षा खुश होकर पति के साथ गाड़ी में बैठी. लेकिन गाड़ी आगे बढ़ते ही सन्नाटे को चीरती हुई गोली की आवाज आई. आकांक्षा की आंखों के सामने उसके पति के सिर में गोली मार दी गई. आकांक्षा की चीखों से पूरा हाईवे दहल उठा, उसकी खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं.

4/7
गोली चलने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ शिव कुमार को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि सिर में बेहद नजदीक से गोली लगने के कारण डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

5/7
इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे 'मर्यादा और सम्मान' के नाम पर पल रही गहरी नफरत सामने आई है. आकांक्षा ने पुलिस को रोते हुए बताया कि महज चार महीने पहले दोनों ने परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी जिसके बाद से ही लड़की के मायके वाले इस शादी के खिलाफ थे और रंजिश पाले हुए थे.

6/7
पीड़ित पत्नी आकांक्षा और मृतक के भाई शिवम कुमार ने सीधे तौर पर आकांक्षा के सगे भाई मंजीत पर हत्या का आरोप लगाया है. आरोप है कि अपनी बहन के प्रेम विवाह से तंग आकर मंजीत ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया और जीजा के सिर में सटाकर गोली मार दी.

7/7
वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी व्योम बिंदल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने क्राइम सीन से अहम सबूत जुटाए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार कातिल भाई मंजीत की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें रवाना कर दी हैं.
