अजय राय के घर में घुस गई पुलिस फिर अंदर का वीडियो आया सामने, हुआ क्या?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे से पहले यूपी की सियासत गरमा गई है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को वाराणसी में पीएम के दौरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के ऐलान के बाद लखनऊ में उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया है.
ADVERTISEMENT

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे से पहले यूपी की सियासत गरमा गई है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को वाराणसी में पीएम के दौरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के ऐलान के बाद लखनऊ में उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. साथ ही पुलिस ने लखनऊ के आलमबाग स्थित उनके आवास पर एहतियातन निगरानी बढ़ा दी है.
अजय राय ने एक्स पर पोस्ट किया वीडियो
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एक्स पर अपने हाउस अरेस्ट का वीडियो शेयर किया है जिसमें वो पुलिसवालों के साथ बातचीत करते हुए दिख रहे हैं. अजय राय ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा 'पुलिस भेजकर हमें रोकना, कार्यकर्ताओं की आवाज दबाना — ये लड़ाई को रोक नहीं पाएगा, ये वोट चोरों को बचा नहीं पाएगा. कांग्रेस का हर बब्बर शेर कार्यकर्ता गली-गली,गांव गांव से विरोध करेगा और आवाज़ देगा —“मोदी, वोट चोरी बंद करो!”
वाराणसी पहुंचेंगे पीएम मोदी
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (गुरुवार) अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे. इस दौरान उनके साथ मॉरिशस के प्रधानमंत्री भी मौजूद रहेंगे. दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे. इसके अलावा वाराणसी में कई विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास और लोकार्पण भी होगा.
कांग्रेस ने हाउस अरेस्ट का किया विरोध
इस बीच अजय राय की हाउस अरेस्ट पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है.लेकिन पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह कदम सिर्फ एहतियात के तौर पर उठाया गया है ताकि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या हंगामा न हो. पुलिस अजय राय के आवास के बाहर समर्थकों की आवाजाही पर भी कड़ी निगरानी रख रही है. वाराणसी में भी प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
