हापुड़ में शादी के एक महीने बाद ही सोनम की कैसे हो गई मौत? आरोप ऐसे कि सुनकर रह जाएंगे दंग

हापुड़ में एक नवविवाहिता सोनम की शादी के कुछ ही दिनों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है.

यूपी तक

• 12:27 PM • 09 Jun 2026

follow google news

Hapur Dowry Death Case: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक नवविवाहिता सोनम की शादी के महज कुछ ही दिनों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

यह भी पढ़ें...

6 मई को हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, हापुड़ के जसूप नगर की रहने वाली 23 वर्षीय सोनम की शादी इसी साल 6 मई को गिरधारी नगर के आकाश से धूमधाम से हुई थी. परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार बेटी को विदा किया था और सभी को उसके नए जीवन की खुशियों की उम्मीद थी. लेकिन किसी को क्या पता था कि शादी के कुछ ही दिनों बाद उसकी जिंदगी दर्द और प्रताड़ना में बदल जाएगी.

दहेज की मांग और मानसिक प्रताड़ना का आरोप

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सोनम पर मायके से बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चैन लाने का दबाव बनाया जाने लगा. पति आकाश और उसके ससुराल वालों द्वारा उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और धमकियां दी जाती थीं. परिवार का कहना है कि सोनम इस उत्पीड़न से बेहद परेशान थी और अंदर ही अंदर टूटती जा रही थी.

मौत से पहले बहन को किया था आखिरी फोन

बताया जा रहा है कि मौत से कुछ घंटे पहले सोनम ने अपनी बहन काजल को फोन किया था. उस समय उसकी आवाज घबराई हुई थी और वह घर लौटने की बात कह रही थी. लेकिन शाम को वह घर नहीं लौटी और कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया.

अस्पताल से लेकर घर तक फैला रहस्य

परिजनों के अनुसार, पहले उन्हें बताया गया कि सोनम अस्पताल में भर्ती है लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे तो वहां उसका कोई पता नहीं चला. बाद में जब वे ससुराल पहुंचे तो सोनम का शव घर में पड़ा मिला. इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है.

परिवार के गंभीर आरोप

सोनम के परिवार ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई. उनका कहना है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और यह एक सुनियोजित हत्या है.

पुलिस जांच जारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा.

सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.