Vrindavan Taxi Driver Assault Case: वृंदावन के एक टैक्सी चालक ने कुछ दबंग युवकों पर चौथ वसूली, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए थाना वृंदावन में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
रुक्मणी विहार निवासी शिवराम पुत्र देवी सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार वह मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अपनी टैक्सी से रंगजी मंदिर के पास चुंगी चौराहे से सवारियों को लेकर दिल्ली जा रहा था.आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने उसकी गाड़ी रोककर एक हजार रुपये की मांग की. विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी.
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने कहा कि यदि वह क्षेत्र से सवारियां लेकर जाएगा तो उसे चौथ के रूप में एक हजार रुपये देने होंगे. रुपये देने से इनकार करने पर युवकों ने स्कूटी से उसका पीछा किया और टेंपो स्टैंड के पास गाड़ी रुकवाकर हमला कर दिया.
आरोप है कि हमलावरों ने कार का शीशा तोड़ दिया और चालक को वाहन से खींचकर लात-घूंसों व डंडों से पीटा.मारपीट में चालक के सिर में चोट आई.घटना के दौरान वाहन में सवार श्रद्धालुओं में भी अफरा-तफरी मच गई.
तहरीर में मनीष, लखन और कौशल समेत दो अज्ञात व्यक्तियों को नामजद किया गया है.पीड़ित ने दावा किया है कि पूरी घटना उसकी कार में लगे डैश कैमरे में रिकॉर्ड हुई है.पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.वहीं, थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी.
ADVERTISEMENT










