Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र में एक ऐसी चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. देवचरा चौराहे पर उस वक्त फिल्मी जैसा हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक पत्नी ने अपने पति को कथित प्रेमिका के साथ रंगे हाथ पकड़ने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी. बताया जा रहा है कि शक के चलते पत्नी अचानक सड़क पर चलती गाड़ी के सामने आ गई और बोनट पर चढ़ गई. इसके बाद जो कुछ हुआ, उसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को दंग कर दिया. पति ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे आगे बढ़ा दिया, जिससे महिला कई मीटर तक बोनट से लटकती और घिसटती रही. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा और सनसनी दोनों फैल गई है.
ADVERTISEMENT
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, उषा नाम की महिला अपने बच्चे के साथ देवचरा चौराहे पर खड़ी थी. तभी उसने एक गाड़ी गुजरते हुए देखी, जिसे उसका पति नेत्रपाल चला रहा था. हैरानी की बात यह थी कि गाड़ी में उसके पति के साथ गांव की ही एक दूसरी महिला भी बैठी हुई थी. उषा को पहले से ही शक था लेकिन जब उसने यह दृश्य अपनी आंखों से देखा तो वह खुद पर काबू नहीं रख सकी.
चलती गाड़ी के सामने पत्नी का खौफनाक कदम
जैसे ही गाड़ी देवचरा फूल मंडी के पास स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई, उषा अचानक दौड़कर गाड़ी के सामने आ गई और बोनट पर चढ़ गई. लेकिन मामला यहीं नहीं रुका. आरोप है कि पति ने गाड़ी रोकने की बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी, जिससे उषा बोनट पर ही लटकती रही और कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई.
मौके पर मचा हंगामा
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर इकट्ठा हो गए. कुछ बाइक सवार युवकों ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी बाइक गाड़ी के आगे लगाकर उसे रोक लिया. इसके बाद भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और जैसे ही गाड़ी रुकी, लोगों ने पति नेत्रपाल को नीचे उतारकर उसकी पिटाई कर दी. हालांकि इस अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपी पति अपनी कथित प्रेमिका के साथ मौके से फरार हो गया.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
यह पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
मामले की सूचना मिलते ही भमोरा थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया. एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि 6 जून 2026 को देवचरा चौराहे से यह वीडियो सामने आया, जिसमें एक महिला चलती गाड़ी के बोनट पर दिखाई दे रही थी. जांच में महिला की पहचान गोदावरी के रूप में हुई है, जबकि गाड़ी उसके पति नेत्रपाल द्वारा चलाई जा रही थी और उस पर दूसरी महिला के मौजूद होने का भी आरोप है. गोदावरी की तहरीर के आधार पर इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 261/2026 दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
ADVERTISEMENT









