UP Police Constable Recruitment Exam: आरक्षी भर्ती परीक्षा, छात्राओं की मददगार बनी यूपी-112, गलत परीक्षा केंद्र पहुंचीं दो छात्राओं को समय रहते सही केंद्र पहुंचाया

Amethi Police News: अमेठी में यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान यूपी-112 और स्थानीय पुलिस की तत्परता ने दो छात्राओं का भविष्य संवार दिया. गलत परीक्षा केंद्र पहुंचने से परेशान अभ्यर्थियों को पुलिस ने समय रहते सही केंद्र तक पहुंचाया, जिससे वे परीक्षा में शामिल हो सकीं. इस मानवीय पहल की व्यापक सराहना हो रही है.

 UP Police Bharti 2026

UP Police Bharti 2026

Newzo

• 01:09 PM • 09 Jun 2026

follow google news

Amethi Police News: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान अमेठी पुलिस और यूपी-112 ने अपनी तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दो महिला अभ्यर्थियों को समय रहते उनके निर्धारित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाकर परीक्षा में शामिल होने में सहायता की. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण दोनों अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकीं.

यह भी पढ़ें...

पहली घटना थाना मुसाफिरखाना क्षेत्र की है. जनपद सुल्तानपुर निवासी कुमारी ज्योति गुप्ता आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए अमेठी पहुंची थीं. वह गलतीवश अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना के बजाय राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमेठी पहुंच गईं. स्थिति का पता चलने पर उन्होंने डायल-112 पर सहायता मांगी. सूचना मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी टीम सक्रिय हुई और अभ्यर्थी को सुरक्षित रूप से उसके वास्तविक परीक्षा केंद्र मुसाफिरखाना पहुंचाया, जिससे वह निर्धारित समय पर परीक्षा में सम्मिलित हो सकी.

दूसरी घटना में महिला अभ्यर्थी अनन्या गलती से अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जामो के स्थान पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना पहुंच गई थीं. मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मुसाफिरखाना विवेक कुमार सिंह ने तत्काल पीआरवी-5347 को सहायता के लिए निर्देशित किया. पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए अभ्यर्थी को सुरक्षित रूप से उसके वास्तविक परीक्षा केंद्र जामो पहुंचाया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते वह भी समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा में शामिल हो सकी.

समय पर सहायता मिलने के बाद दोनों अभ्यर्थियों ने अमेठी पुलिस एवं यूपी-112 का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और त्वरित कार्यप्रणाली की सराहना की. अभ्यर्थियों ने कहा कि पुलिस की मदद से उन्हें परीक्षा देने का अवसर मिला और वे मानसिक तनाव से भी बच गईं.

इस सराहनीय कार्य में पीआरवी टीमों के उपनिरीक्षक लल्लू मिश्र, उपनिरीक्षक जयदेश चन्द्र, कांस्टेबल अवधेश यादव, कांस्टेबल दीपचन्द्र यादव, महिला कांस्टेबल सविता देवी, चालक हेड कांस्टेबल अफरोज अहमद तथा चालक कांस्टेबल संतोष यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही अमेठी पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है.