यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ा खेल! अंडरगारमेंट्स में मोबाइल छिपाकर सेंटर पहुंचा अभ्यर्थी, टॉयलेट में करते पकड़ा गया ये काम

Hapur Cheating Case: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान हापुड़ के पिलखुवा स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में एक अभ्यर्थी मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया. आरोपी सचिन ने कथित तौर पर फोन अंडरगारमेंट्स में छिपाकर सेंटर में प्रवेश किया और वाशरूम में सवाल-जवाब देखने की कोशिश की.

यूपी तक

• 03:24 PM • 09 Jun 2026

follow google news

Hapur Cheating Case: उत्तर प्रदेश में 8, 9 और 10 जून को आयोजित हो रही यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्था संभाले हुए है. प्रदेश के 1100 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर लाखों अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंच रहे हैं. करीब 32,689 पदों के लिए 28 लाख से अधिक उम्मीदवार इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं. ऐसे में प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है. इसी बीच हापुड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन लेकर पहुंच गया और कथित तौर पर वाशरूम में बैठकर सवालों के जवाब देखने की कोशिश करने लगा. मामला सामने आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत कार्रवाई की गई.

यह भी पढ़ें...

हापुड़ के सर्वोदय इंटर कॉलेज में हुआ पूरा मामला

यह घटना हापुड़ जिले के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज की बताई जा रही है. यहां यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा था. दूर-दूर से अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे. इन्हीं उम्मीदवारों में एक ऐसा अभ्यर्थी भी शामिल था, जिसने नियमों को दरकिनार करते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन पहुंचाने की कोशिश की.

बताया गया कि आरोपी अभ्यर्थी का नाम सचिन है, जो अमरोहा जिले का रहने वाला है. शुरुआती जांच में सामने आया कि वह मोबाइल फोन को अपने अंडरगारमेंट्स में छिपाकर परीक्षा केंद्र तक ले आया था.

सेंटर में घुसते ही वाशरूम में छिपाया मोबाइल

जानकारी के मुताबिक, परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने के बाद सचिन सबसे पहले वाशरूम गया और वहां मोबाइल फोन छिपा दिया. इसके बाद वह परीक्षा हॉल में जाकर बैठ गया और पेपर देना शुरू किया.

कुछ देर बाद उसने वाशरूम जाने की अनुमति ली और फिर काफी समय तक वापस नहीं लौटा. काफी देर तक अभ्यर्थी के बाहर नहीं आने पर ड्यूटी पर मौजूद इनविजिलेटर को शक हुआ. जब कर्मचारियों ने जांच करने के लिए वाशरूम का दरवाजा खुलवाया, तो वहां जो सामने आया उसने सबको चौंका दिया.

मोबाइल में सवाल-जवाब देख रहा था अभ्यर्थी

जांच के दौरान सचिन के पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया. आरोप है कि वह फोन में परीक्षा से जुड़े सवालों के जवाब और जानकारी देखने की कोशिश कर रहा था.

परीक्षा केंद्र में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित था. इसके बावजूद अभ्यर्थी इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोबाइल अंदर तक ले जाने में सफल हो गया. इस घटना ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए.

डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी कविता मीणा और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने अभ्यर्थी से पूछताछ की और पूरे मामले की जांच शुरू की. जांच में लापरवाही सामने आने पर एसपी ने सख्त रुख अपनाया. ड्यूटी में चूक मानते हुए दो दरोगाओं सहित कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया.

अभ्यर्थी सचिन पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभ्यर्थी सचिन के खिलाफ पिलखुवा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. केंद्र प्रभारी इंस्पेक्टर संजय सिंह की ओर से परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने के आरोप में केस दर्ज कराया गया है. हापुड़ पुलिस की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान सचिन वाशरूम गया था और काफी देर तक वापस नहीं लौटा. संदेह होने पर जब जांच की गई तो उसके पास मोबाइल फोन मिला, जो परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित वस्तु है. प्राथमिक पूछताछ में सचिन ने यह भी स्वीकार किया कि वह मोबाइल को छिपाकर परीक्षा केंद्र के अंदर लाया था और वाशरूम में रख दिया था.

परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

गौरतलब है कि यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को कुल छह पालियों में आयोजित की जा रही है. इतने बड़े स्तर पर परीक्षा होने के कारण प्रशासन ने पहले से ही संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी हुई है. ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिनका नाम पहले भी पेपर लीक, नकल या अन्य गड़बड़ियों से जुड़ चुका है.

हालांकि हापुड़ की इस घटना ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद प्रतिबंधित मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के अंदर कैसे पहुंच गया. अब प्रशासन इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.