सीएम योगी का बड़ा तोहफा! यूपी के गांवों में पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट, युवाओं और महिलाओं को बंपर रोजगार

UP Project Ganga: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रामीण उत्तर प्रदेश को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लिए 'प्रोजेक्ट गंगा' लॉन्च किया है. पहले चरण में 21 जिलों की ग्राम पंचायतों को फाइबर ब्रॉडबैंड से जोड़ा जाएगा.

UP Tak

यूपी तक

• 08:42 PM • 09 Jun 2026

follow google news

UP Project Ganga: उत्तर प्रदेश के गांवों को डिजिटल क्रांति से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक बड़ी योजना की शुरुआत की है. लखनऊ में सीएम योगी ने 'प्रोजेक्ट गंगा' (Project GANGA - Government Assisted Network for Growth and Advancement) को लॉन्च किया. इस प्रोजेक्ट के जरिए यूपी के लाखों ग्रामीण परिवारों तक फाइबर-आधारित हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट पहुंचाया जाएगा.

यह भी पढ़ें...

पहले फेज में शामिल होंगे 21 जिले

उत्तर प्रदेश राज्य परिवर्तन आयोग के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस बड़े प्रोजेक्ट के पहले चरण में राज्य के 21 जिलों को शामिल किया गया है. इसके जरिए ग्राम पंचायतों को इंटरनेट से जोड़कर उन्हें स्मार्ट विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा.

लोगों को आत्मनिर्भर बनाना मकसद: सीएम योगी

प्रोजेक्ट की लॉन्चिंग के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'रेवड़ी संस्कृति' (मुफ्त में चीजें बांटने) पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा, "हमारा गवर्नेंस मॉडल ऐसा होना चाहिए जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाए. सरकार पर निर्भरता कम से कम होनी चाहिए. सब कुछ मुफ्त में बांटने की संस्कृति की जगह हमें आत्मनिर्भरता की ओर प्रयास करना होगा, तभी विकास टिकाऊ होगा."

आज के दौर में ब्रॉडबैंड एक जरूरत बन चुका है. इंटरनेट जितना तेज होगा, विकास की रफ्तार भी उतनी ही तेज होगी. गांवों में तेज इंटरनेट पहुंचने से लोगों के जीवन में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे.

 

 

- योगी आदित्यनाथ

महिलाओं और युवाओं के लिए खुलेंगे नौकरियों के दरवाजे

  • रोजगार की बहार: इस प्रोजेक्ट के तहत ग्रामीण इलाकों के 10,000 से ज्यादा युवाओं को 'डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर' (DSP) के रूप में तैयार किया जाएगा.
  • 50,000 डायरेक्ट नौकरियां: प्रोजेक्ट के जरिए करीब 50,000 लोगों को सीधे और एक लाख से ज्यादा लोगों को इनडायरेक्ट रूप से रोजगार मिलेगा.
  • 20 लाख घरों तक पहुंचेगा इंटरनेट: शुरुआती लक्ष्य के तहत ग्रामीण इलाकों के 20 लाख से ज्यादा घरों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ा जाएगा. हर एक डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर अपने क्षेत्र के 200 से 300 घरों को कनेक्शन देगा.
  • महिला उद्यमियों को प्राथमिकता: सीएम योगी ने बताया कि बजट 2026-27 की घोषणा के मुताबिक राज्य के 8,000 डिजिटल उद्यमियों को आगे बढ़ाया जाएगा, जिनमें से 50 फीसदी महिलाएं होंगी. 'प्रोजेक्ट गंगा' इस सपने को पूरा करने का माध्यम बनेगा.

गांवों में घर बैठे मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं

अधिकारियों के मुताबिक, 'प्रोजेक्ट गंगा' केवल इंटरनेट देने तक सीमित नहीं है. गांवों में हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचने से ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही गांवों में ही घर बैठे ऑनलाइन डॉक्टर से सलाह, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास, ई-गवर्नेंस और ऑनलाइन रोजगार जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलने लगेंगी.